बाड़मेर
राजस्थान के जालौर जिले के सुराणा में दलित बालक की शिक्षक द्वारा पिटाई करने से मौत का मामले काफी सुर्खियों में रहा था। अब जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के डिगा गांव में मंगलवार रात को एक दलित युवक पर हमले का मामला सामने आया है। जानलेवा हमला इसलिए किया गया क्योंकि उसने किराना दुकान के आगे रखी मटकी से पानी पी लिया। आरोप है कि उसे जातिसूचक शब्दों से भी अपमानित करते हुए जान से मारने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की गई थी। आरोपियों ने युवक पर लाठियों व सरियों से हमला कर दिया। जिससे उसे गहरी चोट आई है।
घायल युवक को रात्रि में ही एंबुलेंस से उपचार के लिए मोहनगढ़ लाया गया। उपचार के दौरान डॉक्टर ने थाना अधिकारी भवानी सिंह को सूचना दी। जिसके बाद हेड कॉन्स्टेबल हरिराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घायल युवक का बयान लिया गया। इस संबंध में मोहनगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
क्या कहा पीड़ित ने
पीड़ित युवक ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 8:00 बजे वो अपने मुरबे से बाइक पर अपनी पत्नी के साथ डिग्गा गांव आ रहा था। इस दौरान गांव में स्थित एक किराना दुकान पर सामान लेने के लिए रुका। सामान लेने के बाद दुकान के बाहर रखी मटकी से उसने पानी पी लिया। जिस पर पास खड़े जितेंद्र , चतर सिंह, तने राव सिंह, विक्रम सिंह, देवी सिंह आदि ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए हमला कर दिया। चतर सिंह ने फायरिंग शुरू कर दी।