जयपुर
राजस्थान में 27 जुलाई तक कई जगह अच्छी और तेज बारिश हो सकती है। गुजरात से सटे राजस्थान के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के आसपास एक चक्रवाती हवाओं का सिस्टम बना हुआ है। इसके कारण उदयपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मानसून की ट्रफ रेखा राजस्थान के पूर्वी हिस्से अलवर, करौली होते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर जा रही है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम के कारण राज्य के पूर्वी और दक्षिणी-पूर्वी क्षेत्र के भरतपुर, कोटा संभाग में आज-कल अच्छी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग जयपुर के मुताबिक, 25 से 27 जुलाई तक कोटा, भरतपुर, उदयपुर, जयपुर और अजमेर संभाग के कुछ इलाकों में 60 MM (2.3 इंच) से 205 MM (8 इंच) तक बारिश हो सकती है। उदयपुर-कोटा संभाग के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने 25 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, कोटा, बारां, झालावाड़, भीलवाड़ा, बूंदी, सिरोही, राजसमंद आदि शामिल हैं।
आज यहां पड़ सकती हैं बौछारें
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 जुलाई को कोटा, बारां, झालावाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और सिरोही में अच्छी बारिश हो सकती है। इसके अलावा डूंगरपुर, बांसवाड़ा और झालावाड़ में भारी बारिश की संभावना है। यहां 65 से 205 मिमी तक पानी बरस सकता है। इसके अलावा 25 जुलाई को कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ जिलों में 205 मिमी तक बारिश होने की संभावना है। 26 जुलाई को भरतपुर, कोटा और जयपुर संभाग तथा 27 जुलाई को भरतपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
दिन का तापमान 30 से 35 डिग्री हुआ
शुक्रवार को भी राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई थी। झालावाड़, जोधपुर, पाली, अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, झुंझुनूं, कोटा और सवाई माधोपुर जिलों के कई जगहों पर 50 मिमी व उससे ज्यादा बारिश दर्ज हुई। तेज बारिश के कारण झालावाड़ जिले में कालीसिंध और चावड़ी नदियां उफान पर हैं। बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला। बूंदी, टोंक, धौलपुर, चूरू, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बूंदी, सवाई माधोपुर, कोटा, सीकर, जयपुर, अलवर, अजमेर और भीलवाड़ा सहित अन्य जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच आ गया। हालांकि इन जिलों में लोग अब भी उमस और चिपचिपी गर्मी से परेशान हैं।