Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान में 10 हजार अंग्रेजी शिक्षकों की होगी भर्ती, CM गहलोत ने बताई अंग्रेजी कमजोर होने की यह वजह

जयपुर

राजस्थान के  मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज 23 फरवरी को विधानसभा में वर्ष 2022-23 का बजट पेश करते प्रदेश में 10 हजार अंग्रेजी शिक्षकों की भर्ती करने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 2 हजार  महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले जाएंगे। सीएम ने कहा कि प्रथम चरण में 10 हजार अंग्रेजी शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। उल्लेखनीय है कि सीएम अशोक गहलोत सार्वजनिक मंचों पर स्वीकार कर चुके हैं उनकी अंग्रेजी बहुत अच्छी नहीं है। जिसके कारण कई बार परेशानी होती है। सीएम गहलोत के मुताबिक अब जमाना बदल गया है। विज्ञान और तकनीक का जमाना है। अंग्रेजी का ज्ञान बेहद जरूरी है। उनकी सरकार की मंशा है कि बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा अंग्रेजी में मिले। सीएम के मुताबिम उनके जमाने में अंग्रेजी पढ़ाई के लिए स्कूल नहीं थे।

19 जिलों में खुलेंगे 36 कन्या महाविद्यालय

सीएम गहलोत ने कहा कि प्रदेश के 19 जिलों में 36 कन्या महाविद्यालय खोले जाएंगे। प्रदेश में सावित्री बाई फुले वाचनालय खोले जाएंगे। 15 हजार छात्रों को कोचिंग दी जाएगी। सीएम गहलोत ने कहा की रीट परीक्षा का आयोजन जुलाई 2022 में किया जाएगा।  पुराने अभ्यर्थियों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। सीएम ने पदों की संख्या 32 हजार से बढ़ाकर 62 हजार करने का ऐलान भी किया। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी देने के लिए प्रतिबद्ध है। उनकी सरकार ने 3 वर्ष के कार्यकाल में 1 लाख सरकारी नौकरी दे दी है। जबकि 1 लाख 25 हजार की भर्ती विभिन्न विभागों में प्रक्रियाधीन है।