Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान में 1st से 8th तक के स्कूल खुलेंगे:पहले फेज में 50% बच्चों को बुलाया जाएगा, पेरेंट्स की अनुमति अनिवार्य होगी; शादियों में अब 200 लोग शामिल हो सकेंगे

जयपुर

राजस्थान सरकार ने कोरोना के मामलों में कमी के बाद अब पहली से लेकर 8वीं तक कक्षा के लिए स्कूल खोलने का फैसला किया है। गृह विभाग ने शुक्रवार को इसके लिए नई गाइडलाइन जारी कर दी है। नई गाइडलाइन में शादी समारोह में अब 200 लोगों के शामिल होने की छूट दी गई है। अभी तक शादियों में 50 लोग ही शामिल हो सकते थे।

20 सितंबर से छठवीं से आठवीं और 27 सितंबर से पहली से पांचवीं क्लास तक के बच्चों के स्कूल खुलेंगे। पहले फेज में 50% बच्चों को ही स्कूल बुलाया जाएगा। प्रदेश के सभी सरकारी दफ्तरों में अब 100 प्रतिशत कर्मचारियों को बुलाया जाएगा।

सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स रात 10 बजे तक खुलेंगे

सिनेमा हॉल, थियेटर, मल्टीप्लेक्स पूरी क्षमता के साथ सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक खुल सकेंगे। वे ही दर्शक जा सकेंगे, जिन्होंने वैक्सीन की कम से कम एक डोज लगवा ली हो। बिना वैक्सीन वालों को अनुमति नहीं होगी।

रेस्टोरेंट पूरी क्षमता से सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक खुलेंगे

रेस्टोरेंट पूरी क्षमता के साथ सुबह 9 से रात 10 बजे तक खुल सकेंगे। जिम, योग सेंटर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक खुल सकेंगे। 20 सितंबर से स्विमिंग पूल केवल उन लोगों के लिए खुलेंगे, जिन्होंने वैक्सीन की कम से कम एक डोज लगवा ली हो।

20 सितंबर से जनजाति और सामाजिक न्याय के हॉस्टल भी खुलेंगे
जनजातीय विकास विभाग और सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग के हॉस्टल 20 सिंतबर से खुलेंगे। इन हॉस्टल के लिए दोनों विभाग अलग से गाइडलाइन जारी करेंगे।

बाध्य नहीं कर सकेंगे
सभी कक्षाओं के बच्चों को स्कूल बुलाने से पहले उनके माता-पिता की सहमति अनिवार्य होगी। जो माता-पिता अपने बच्चों को ऑफलाइन क्लास के लिए नहीं भेजना चाहते, उन्हें स्कूल बुलाने के लिए बाध्य नहीं कर सकेंगे। जो माता-पिता बच्चों को स्कूल नहीं भेजना चाहते, उनके लिए ऑनलाइन क्लास की व्यवस्था जारी रखनी होगी।

20 सितंबर के बाद पशु मेले लग सकेंगे
20 सितंबर के बाद कलेक्टर की अनुमति से पशु मेले लग सकेंगे। इनमें कोरोना गाइडलाइन का ख्याल रखना होगा। राजस्थान के पश्चिमी जिलों में बड़े पैमाने पर पशु मेलों में मवेशियों और कृषि औजारों की खरीद-फरोख्त होती है। पुष्कर, नागौर के पशु मेले दुनिया में ​प्रसिद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *