जयपुर
राजस्थान में मानसून भले ही चला गया हो, लेकिन बारिश का दौर रुक-रुक कर बना हुआ है। राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर और जयपुर संभाग के कुछ जिलों में 23 और 24 अक्टूबर को बारिश हो सकती है। उत्तरी भारत और पाकिस्तान के क्षेत्र में सक्रिय होते एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा।
जयपुर मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 23 और 24 अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, जोधपुर, चूरू और सीकर जिलों के कुछ स्थानों पर 23 अक्टूबर को मेघगर्जन के साथ बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और मेघगर्जन के साथ 30 से 40KM स्पीड से तेज हवाएं भी चल सकती है।
उन्होंने बताया कि इस पश्चिमी विक्षोभ का असर 2 दिन रहेगा। इन दो दिन के अंदर राज्य के उत्तरी भागों में हल्के दर्जे की बारिश हो सकती है। इसके बाद 25 अक्टूबर से इस सिस्टम का असर पूरी तरह से खत्म होगा। तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी।