जयपुर
प्रदेश की कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए सीएम गहलोत ने लगातार दूसरे दिन सभी जिलों के एसपी और आईजी के साथ बैठक की। सीएम गहलोत मुख्यमंत्री आवास से वीसी के जरिए सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस महानिरीक्षकों से कनेक्ट हुए। सीएम ने वीसी में कहा कि प्रो-एक्टिव पुलिसिंग से अपराधों पर लगाम कसें। हर पीड़ित को न्याय मिले। पुलिस अफसर पीड़ित को न्याय दिलाने की सोच से निचले स्तर पर कानून व्यवस्था को मजूबत करें। वीसी में सीएम गहलोत ने इस बात पर संतोष जताया कि पाॅक्सों एक्ट, महिला अत्याचार और एससी-एसटी मामलों में लगातार कमी आई है। दुष्कर्म के मामलों में अनुसंधान वर्ष 2018 में 211 दिन था। जो वर्ष 2021 में घटकर 86 दिन रह गया है। पुलिस ने वर्ष 2021 में पाॅक्सों एक्ट के 510 प्रकरणों अपराधियों को सजा दिलवाई। जिनमें से 4 प्रकरणों में मृत्यु दंड तथा 35 प्रकरणों में आजीवन कारावास की सजा मिली है। सीएम ने कहा कि पुलिस आगे भी ऐसे मामलों में प्रभावी कार्यवाही करें।