Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता शुरू, 500 खिलाड़ी साधेंगे लक्ष्य पर निशाना

  • समारोह में बोले जिला कलक्टर- राज्य सरकार ग्रामीण ओलंपिक खेल और खिलाड़ियों को आउट आॅफ टर्न नियुक्ति देकर खेलों को दे रही बढ़ावा
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    राज्य स्तरीय जूनियर और सब जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता 2021-22 का शुभारंभ गुरूवार को जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में समारोह पूर्वक हुआ।जिला तीरंदाजी संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर नथमल डिडेल, कार्यक्रम अध्यक्ष जिला प्रमुख कविता मेघवाल, विशिष्ट अतिथि नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, विधायक प्रतिनिधि भूपेंद्र चौधरी, पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि दयाराम जाखड़, जूडो एसोसिएशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष तरुण विजय, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई, जिला युवा अधिकारी मधु यादव, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढावा देने के लिए ग्रामीण ओलंपिक खेल का आयोजन करवा रही है। इसमें अब तक करीब 10 लाख खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। इसके अलावा राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर मेडल विजेताओं को आउट आॅफ टर्न नियुक्ति भी दे रही है। स्वतंत्रता के बाद पहली बार हनुमानगढ़ जिले में राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, जिला तीरंदाजी संघ के सतत प्रयासों से ये संभव हो पाया है।भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कृत संकल्पित है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और खेल मंत्री अशोक चांदना ने राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। पहली बार अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट आॅफ टर्न नियुक्तियां दी जा रही हैं। गणेश राज बंसल ने राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का पहली बार हनुमानगढ़ जिले में आयोजन को लेकर बधाई देते हुए कहा कि जिले में खेलों को बढ़ावा देने के लिए उनकी ओर से कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। जल्द ही स्टेडियम में सेंथिटिक ट्रेक का निर्माण भी करवाया जाएगा। साथ ही हाईमास्क लाइट भी जल्द लगवाई जाएगी। तरुण विजय ने कहा कि राजस्थान के इतिहास में पहली बार गहलोत सरकार ने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सीधे पुलिस उपाधीक्षक, वन विभाग में एसीएफ समेत अन्य नौकरी आउट आॅफ टर्न दी है। दयाराम जाखड़ ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार हनुमानगढ़ जिले में राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन होना सुकून देने वाला क्षण है। सुरेश बिश्नोई ने कहा कि पहले हम पंजाब और हरियाणा में ही अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सीधे पुलिस उपाधीक्षक या अन्य उच्च पदों पर नियुक्ति की बातें सुनते थे। लेकिन अब राजस्थान सरकार ने भी कुछ समय पहले 29 और इस साल कुल 153 खिलाड़ियों को आउट आॅफ टर्न नियुक्ति देकर मिसाल कायम की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *