मुंबई
देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के मालिक मुकेश अंबानी रिटेल में अब नया दांव खेलने की तैयारी कर रहे हैं। खबर है कि हाइवे किनारे स्थित रिलायंस के पेट्रोल पंपों पर वे खाने, डिजिटल और इलेक्ट्रिक गाड़ियों की चार्जिंग का कारोबार करेंगे। रिलायंस BP के देश में 1,400 पेट्रोल पंप हैं। अगले पांच साल में इसे 5,500 करने की योजना है।
UK की BP के साथ ज्वाइंट वेंचर है
बताते चलें कि रिलायंस BP मोबिलिटी रिलायंस इंडस्ट्रीज और यूके की बीपी की ज्वाइंट वेंचर है। दोनों मिलकर ही इस कारोबार को आगे बढ़ाएंगी। यह दोनों रिटेल आउटलेट खोलेंगी। इन स्टोर्स में कन्वीनिएंस स्टोर्स भी होंगे। साथ में फूड स्टोर्स भी होंगे। यह सभी इसके पेट्रोल पंप पर होंगे जो हाइवे किनारे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिटेल कंपनी रिलायंस रिटेल इन आउटलेट्स को चलाएगी। इसमें स्मार्ट प्वाइंट कन्वीनिएंस स्टोर्स होंगे। साथ ही डिजिटल स्टोर्स भी होगा।
कैफे और फूड बेवरेजेस भी होगा
इसके अलावा इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए चार्जिंग प्वाइंट भी इनमें होगा। इसमें कैफे और अन्य फूड और बेवरेजेस के भी आउटलेट होंगे। कंपनी इसके लिए अन्य रिटेल आउटलेट के साथ भी बात कर रही है कि वे इसकी प्रॉपर्टी में अपने आउटलेट खोलें। रिलायंस इंडस्ट्रीज रिटेल में बड़ा दांव खेलने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए वह दुनिया की सबसे बड़ी सिंगल ब्रांड रेस्टोरेंट चेन सबवे की भारतीय इकाई को खरीदने पर विचार कर रही है। यह क्विक सर्विस रेस्टोरेंट सेगमेंट की कंपनी है। इसी सेगमेंट की कंपनी जोमैटो हाल में शेयर बाजार में लिस्ट हुई है।
जोमैटो, स्विगी को टक्कर देने की योजना
अंबानी की योजना सबवे के जरिए देश में जोमैटो, स्विगी और अन्य को टक्कर देना है। हालांकि वह किराना की सामानों और अन्य के जरिए पहले से ही यह काम कर भी रहे हैं। जियो डिजिटल इन सामानों का ऑर्डर लेती है और किराना तथा सब्जियां घर पर डिलिवरी करती है।
1500 से 1800 करोड़ के बीच सबवे की डील
मुकेश अंबानी सबवे की डील 1500 से 1800 करोड़ रुपए के बीच कर सकते हैं। सबवे के खरीदने के बाद इसका सीधा मुकाबला डॉमिनोज पिज्जा, पिज्जा हट, स्टारबक्स और अन्य कंपनियों से होगा। पिज्जा हट को चलाने वाली देवयानी इंटरनेशनल का IPO भी आज से खुला है, जबकि स्टार बक्स टाटा के साथ ज्वाइंट वेंचर में है। इस डील से रिलायंस रिटेल को 600 स्टोर मिलेंगे, जो सबवे के हैं।
2030 तक 2.7 अरब डॉलर का होगा बाजार
नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट के अनुसार, 2030 तक देश में हाइवे रिटेलिंग में फूड एवं बेवरेजेस का बाजार 2.7 अरब डॉलर तक जा सकता है। भारत में 18,800 करोड़ रुपए का ऑर्गनाइज्ड क्विक सर्विस रेस्टोरेंट का बाजार है। सबवे की हिस्सेदारी इसमें 6% है, जबकि डॉमिनोज की 21% है। मैकडोनाल्ड की हिस्सेदारी 11% है। रिलायंस रिटेल ने हाल में जस्ट डायल को 3,497 करोड़ रुपए में खरीदा है। इसका मुनाफा अप्रैल से जून के बीच 962 करोड़ रुपए का रहा है। इस दौरान इसने 123 नए स्टोर खोले हैं। अब इसके पास कुल 12,803 स्टोर हैं।