Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बीकानेर में खत्म हुआ CMHO का विवाद

बीकानेर

पिछले करीब छह महीने से बीकानेर में एक सीट पर तीन अधिकारियों का विवाद खत्म हो गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के पद पर अब एक बार फिर से डॉ. बी.एल. मीणा का पदस्थापन कर दिया गया है जबकि इसी पद पर दावा जता रहे डॉ. सुकुमार कश्यप को जालौर में परिवार कल्याण का जिम्मा दिया गया है। वर्तमान में इसी पद पर कार्यवाहक काम कर रहे डॉ. ओ.पी. चाहर अपने पुराने पद पर ही काम करेंगे।

दरअसल, इस संबंध में हेल्थ डिपार्टमेंट के संयुक्त शासन सचिव ने आदेश जारी किए हैं। दो अलग-अलग आदेश में दोनों अधिकारियों को अलग अलग जिलों में पदस्थापित करने के आदेश दिए गए हैं। दोनों के ही मामले अदालत में विचाराधीन थे। दोनों के अदालती आदेश की पालना करते हुए हेल्थ डिपार्टमेंट ने इस विवाद का निपटारा कर दिया है। पहले डॉ. बी.एल. मीणा को सीएमएचओ पद से कार्यमुक्त करके हनुमानगढ़ के जिला अस्पताल में महज चिकित्सा अधिकारी के रूप में पदस्थापित कर दिया गया था। वहीं मीणा की जगह नागौर से सीएमएचओ डॉ. सुकुमार कश्यप को पदस्थापित किया गया। कुछ ही दिनों में डॉ. मीणा ने अदालत में परिवाद लगाया। जिस पर उन्हें फिर से बीकानेर में पदस्थापित किया गया। उधर, डॉ. कश्यप भी अदालत में चले गए। दोनों को अदालत से राहत मिलने पर डॉ. मीणा को कोविड का नोडल ऑफिसर बना दिया गया, जबकि डॉ. कश्यप को जिला प्रशासन की शिकायत पर जयपुर में कोविड प्रबंधन के लिए डेपुटेशन पर भेज दिया गया। इन दोनों अधिकारियों को हटाने के बाद डॉ. राजेश गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई। एक दो दिन बाद ही ये दायित्व डॉ. ओ.पी. चाहर को सौंप दिया गया। ऐसे में महज छह महीने में चार सीएमएचओ आ गए। अब सारे मामले का पटाक्षेप करते हुए डॉ. बी.एल. मीणा को पदस्थापित कर दिया गया है। डॉ. मीणा ने मंगलवार शाम कार्यभार भी संभाल लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *