पंजाब जाने वाली रेलगाड़ी के आगे पटरी पर सिर रख दिया, धड़ से अलग हो गया
श्रीगंगानगर। रेलवे स्टेशन पर आज दोपहर 11 बजे प्लेटफार्म नंबर 2 से पंजाब को एक पैसेंजर ट्रेन रवाना होने लगी तो एक युवक ने अपनी गर्दन पटरी पर रख दी जिससे उसका धड अलग हो गया। जीआरपी थाना के प्रभारी सब इंस्पेक्टर धर्मपाल लेघा ने बताया कि मृतक युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। करीब 35 वर्षीय मृतक ने चैकदार शर्ट, मूंगिया रंग की टी-शर्ट,काले रंग का लोअर और लाल रंग की हवाई चप्पल पहनी हुई है।उसके एक हाथ पर मौली बंधी हुई थी और इसी हाथ पर ओम का चिन्ह गुदा हुआ है। उसके पहने कपड़ों में बस के एक टिकट के अलावा कुछ नहीं मिला।यह टिकट हपदमपुर थाना क्षेत्र में सीसी हैड से श्रीगंगानगर तक का है। मौके की कार्रवाई के बाद लाश को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखा गया है। उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। जीआरपी के अनुसार इस युवक को दोपहर 11:10 बजे प्लेटफार्म नंबर 2 से पंजाब को ट्रेन रवाना होने से पहले घूमते हुए देखा गया था। ट्रेन रवाना होने से पहले वह प्लेटफार्म से उतरकर रेल पटरी के दूसरी तरफ खड़ा हो गया। ट्रेन के जब दो तीन डिब्बे निकल गए तब एकाएक उसने अपनी गर्दन पटरी पर रख दी। पिछले डिब्बे के पहिए ने सिर को धड़ से अलग कर दिया। थाना अधिकारी ने बताया कि सीसी हैड के आसपास के गांवों से इस युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शिनाख्त होने के बाद ही आत्महत्या के कारण का पता चलने की संभावना है।