पाली
केन्द्रीय रेल, संचार एवं सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार सुबह पाली से सुमेरपुर के लिए जाते हुए ढाबे पर कार्यकर्ताओं के साथ चाय की चुस्की ली। किरवा स्थित ढाबे पर उन्होंने गैस पर रखी चाय में उबाल भी लगाया। इस दृश्य को वहां मौजूद कई लोगों ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। इसके बाद वे आगे अपने तय कार्यक्रमों के लिए निकल गए।
इससे पहले उन्होंने पाली में एक प्रेस वार्ता को भी संबोधित किया। इसमें उन्होंने सोशल मीडिया के प्रयोग के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोई भी टेक्नोलॉजी आती हैं तो उसके उपयोग व दुरुपयोग दोनों पक्ष होते हैं। इसका दुरुपयोग न हो इसलिए बैलेंस रखते हुए इसका उपयोग करें।
जगह-जगह अंडरब्रिज में पानी भरने की समस्या को लेकर उन्होंने कहा कि यह मामला ध्यान में है। सुधार के लिए जल्द उचित कदम उठाएंगे। पश्चिमी राजस्थान को ट्रेनों की सौगात देने की बात पर उन्होंने कहा कि पश्चिमी राजस्थान की आशाओं को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं में विस्तार करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के राज में रेलवे की काया बदली हैं। रेलवे स्टेशन, ट्रेनें देख लें, पहले से वहां कितनी साफ-सफाई हैं। रेलवे अधिकारी भी समय पर आते हैं। इसमें सुविधाओं का विस्तार करेंगे।