जिला कारागृह के बाहर 24 घंटे व्यर्थ बह रहा पानी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गर्मी के मौसम में मोहल्लों-कॉलोनियों में पेयजल का संकट उत्पन्न हो रहा है। इन सबके बीच जिला मुख्यालय पर सूरतगढ़ रेलवे फाटक के पास स्थित जिला कारागृह के बाहर रोजाना लाखों लीटर पानी की बर्बादी हो रही है। जिला कारागृह के अन्दर से आ रही पानी निकासी की तीन इंची पाइप से लगातार 24 घंटे स्वच्छ पानी व्यर्थ बह रहा है। यह पानी इस पाइप के जरिए गन्दे पानी की नाली में बह रहा है। बावजूद इसके न तो जेल प्रशासन और न ही जिम्मेवारों का ध्यान इस तरफ जा रहा है। मंगलवार को क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता सुखराम बागड़ी ने मौके पर पहुंच जेल में तैनात आरएसी जवानों को इस बारे में अवगत करवाया तो उन्होंने अधिकारियों को जानकारी देने की बात कही। लेकिन इसके बाद भी इस पाइप से बह रहा पानी बंद नहीं हुआ। सामाजिक कार्यकर्ता सुखराम बागड़ी ने बताया कि जिला कारागृह के बाहर करीब एक साल से तीन इंची पाइप से लगातार 24 घंटे पानी प्रवाहित हो रहा है जो गंदे नाले में जा रहा है। न जाने अब तक कितने ही लाखों लीटर पानी व्यर्थ बह गया लेकिन आज तक जेल प्रशासन का ध्यान इस तरफ नहीं गया। वह भी गर्मी के ऐसे समय में जब नहरबंदी चल रही है और पानी की एक-एक बूंद की जरूरत है। अगर यही पानी किसी कॉलोनी या मोहल्ले में सप्लाई हो तो इससे संबंधित मोहल्ले-कॉलोनी में पेयजल संकट दूर हो सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार पानी बचाने का संदेश देती है लेकिन सरकार के नुमाइंदे ही इस तरह पानी की बर्बादी कर रहे हैं। उन्होंने जेल प्रशासन से जल्द इस तरफ ध्यान देकर लगातार बह रहे पानी को बंद करवाने की मांग की है।