Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रोहित शेट्टी के बाद शगुफ्ता अली की मदद को आगे आईं माधुरी दीक्षित, डांस दीवाने 3 टीम की ओर से दिए 5 लाख रुपए

TV एक्ट्रेस शगुफ्ता अली की मदद के लिए कई हाथ आगे बढ़े हैं। रोहित शेट्टी के बाद अब माधुरी दीक्षित ने भी उन्हें 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है। माधुरी ने शगुफ्ता को रियलटी डांस दीवाने 3 के मंच पर बुलाया और फिर पूरी टीम की ओर से 5 लाख रुपए का चैक दिया।

हाल ही में शो का एक प्रोमो रिलीज हुआ है जिसमें शगुफ्ता अपनी स्ट्रगलिंग लाइफ का जिक्र करते हुए रो पड़ती हैं। वो कहती हैं-36 सालों के करियर में 32 साल शानदार रहे, खूब काम किया, स्ट्रगल भी रही लेकिन अच्छे ऑफर्स भी मिले, परिवार का ध्यान रखा और अपना भी, लेकिन पिछले चार साल बहुत भारी पड़े। कई ऑडिशन हुए लेकिन कुछ बात नहीं बनी। उस दौरान डायबिटीज की वजह से मेरे पैरों में दिक्कत होने लगे और आंखों की रोशनी पर भी काफी असर पड़ा। इंडस्ट्री मेरा घर है, मैंने इसे 36 साल दिए हैं।

शगुफ्ता की बातें सुनकर शो की होस्ट भारती, उनके पति हर्ष, सेलिब्रिटी गेस्ट अनिल कपूर भी इमोशनल हो जाते हैं। माधुरी कहती हैं-आपने लिखा था कि अब आपके पास कुछ बेचने के लिए भी नहीं बचा।आप इतनी मुसीबत में पड़ गई हैं तो डांस दीवाने की टीम की तरफ से हम आपके लिए कुछ करना चाहते हैं, पूरी टीम की ओर से हम आपको 5 लाख रुपए का चैक देते हैं। ये सुनकर शगुफ्ता राहत की सांस लेती हैं और कहती हैं-आपका बहुत-बहुत धन्यवाद, मेरे पास शब्द नहीं हैं।

रोहित शेट्टी भी कर चुके मदद

इससे पहले खबर आई थी कि शगुफ्ता को फिल्ममेकर रोहित शेट्टी ने भी आर्थिक मदद की है। उन्होंने शगुफ्ता को कितना अमाउंट दिया, इस बात का तो खुलासा नहीं हुआ है लेकिन इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अशोक पंडित ने कहा कि रोहित ने अच्छी-खासी रकम दी है। शगुफ्ता ने इसके लिए रोहित शेट्टी को धन्यवाद कहा है। उन्होंने कहा कि रोहित शेट्टी ना उनसे कभी मिले और ना ही कभी दोनों का आमना-सामना हुआ।इसके बावजूद इतनी मदद के लिए वो उनके हमेशा शुक्रगुजार रहेंगी।

शगुफ्ता ने बताई थी बुरे वक्त की कहानी

शगुफ्ता ने पिछले दिनों अपने बुरे वक्त की कहानी शेयर की थी। शगुफ्ता पिछले चार साल से फाइनेंशियल संकट का सामना कर रही हैं। काम की कमी और कोविड-19 महामारी ने उनकी सारी बचत खत्म कर दी। वक्त इतना बुरा आया था कि उन्हें अपनी कार और जेवर भी बेचने पड़ गए, जिससे कारण उन्हें मदद की गुहार लगानी पड़ी।

कई सीरियलों और फिल्मों में दिख चुकी हैं शगुफ्ता

शगुफ्ता को 1998-99 में लोकप्रिय TV शो सांस के लिए जाना जाता है। नीना गुप्ता और कंवलजीत सिंह के साथ शो से पहले, वे परम्परा, जुनून और द ज़ी हॉरर शो में दिखाई दे चुकी हैं। उन्हें आखिरी बार 2018 में शो बेपनाह में देखा गया था। TV शो के अलावा, उन्होंने इंटरनेशनल खिलाड़ी, हीरो नंबर 1 और लैला मजनूं जैसी फिल्मों में भी देखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *