सीमा सन्देश संवाददाता
जयपुर। अखिल राज्य ट्रेड एंड इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा अपने कार्यालय में राजस्थान सरकार द्वारा नवनियुक्त राजस्थान ललित कला अकादमी के चेयरमैन लक्ष्मण व्यास का एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार कमल कंदोई द्वारा साफा पहनाकर स्वागत किया गया। पदाधिकारियों ने अकादमी के नवनियुक्त चेयरमैन लक्ष्मण व्यास के साथ राज्य की क्षेत्रीय कला एवं कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने एवं उनके विकास एवं प्रोत्साहन के विषय में सार्थक चर्चा की। राजस्थान में क्षेत्रीय कलाओं को निखारने के लिए ट्रेनिंग, सेमिनार, स्किल डेवलपमेंट जैसे कार्यक्रमों का आयोजन राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किए जाने का सुझाव दिया। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा विशेष पैकेज घोषित करवाये जाने की मांग की ताकि राज्य की क्षेत्रीय कलाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। अकादमी के चेयरमैन लक्ष्मण व्यास ने आरतियां के सुझाव पर जल्द कार्य करने का आश्वासन देते हुए कलाकारों के प्रोत्साहन के लिए एसो. के साथ मिलकर साझा मंच पर क्षेत्रीय कलाकारों के प्रोत्साहन हेतु विचार विमर्श कर कार्य किए जाने की बात कही।
इस मौके पर आरतिया कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम बियानी, संजय पाराशर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सज्जन सिंह, राजकुमार अग्रवाल, महामंत्री सुनील गनेरीवाल, प्रमुख सलाहकार कैलाश शर्मा, आरतिया टोंक जिला अध्यक्ष राजीव सिंघल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।