टॉम हैंक्स की ‘फॉरेस्ट गंप’ की ऑफिशियल रीमेक ‘लाल सिंह चड्ढा’ को मेकर्स ने हीरो के सफर से प्रेरित हो कर भारत के पिछले पांच दशकों की अहम घटनाओं में इनकॉरपोरेट किया है। इस बारे में फिल्म से जुड़े सूत्रों ने बताया, “कहानी का आगाज साल 1968 से हीरो के बचपन से होता है, जो साल 2018 तक आकर पूरा होता है। रायटिंग टीम ने इमरजेंसी, ऑपरेशन ब्लू स्टार, वर्ल्ड कप जीत, कारगिल, रथ यात्रा से लेकर बाजपेयी सरकार का गठन को फिल्म के बैकड्रॉप में रखा है। इन इंसिडेंट्स को इनकॉरपोरेट कर मेकर्स का मकसद यंग और ओल्ड जेनरेशन की ऑडिएंस को रिलेट करना है। फिल्म आगे मनमोहन सरकार और मोदी सरकार के गठन तक आती है। हालांकि इन सबमें मेकर्स बाबरी मस्जिद डिमॉलिशन और नोटबंदी जैसे इंसिडेंट में नहीं गए हैं।”
अद्वतैय चंदन ने फिल्म के बाकी पोर्शन को किया है डायरेक्ट
सूत्रों ने यह भी कन्फर्म किया कि इसमें ब्रांड शाहरुख के इमरजेंस को भी रखा गया है। इस बाबत शाहरुख खान का कैमियो फिल्म में है। सूत्रों के मुताबिक, “इसकी शूटिंग पहले लॉकडाउन लगने से पहले मुंबई की फिल्मसिटी में हुई थी। वह बस एक दिन का शूट था। उस दिन डायरेक्शन का जिम्मा आमिर खान ने ले लिया था। फिल्म के बाकी पोर्शन को तो अद्वतैय चंदन ने ही डायरेक्ट किया है।”
फिल्म में शाहरुख को सीजी इफेक्ट्स से यंग दिखाया जाएगा
सूत्रों ने आगे बताया, “उस सीन में नायक लाल सिंह चड्ढा के टीन एज का रोल प्ले कर रहे कलाकार थे। वह शाहरुख के साथ फ्रेम में नजर आएंगे। उसी सीन में शाहरुख खान दोस्तों के साथ डांस कर रहे होते हैं। उन्हें देख टीन एज वाला लाल सिंह चड्ढा भी डांस करने लगता है। हालांकि उसके पांव खराब हैं। वो अजीबो गरीब डांसिंग करने लगता है। फिल्म में शाहरुख खान भी मौजूदा नहीं हैं, बल्कि सीजी इफेक्ट्स से यंग शाहरुख के तौर पर दिखाए जाएंगे।”
फिल्म में हीरो लाल सिंह चड्ढा को लगातार दौड़ते हुए दिखाया गया है
सूत्रों ने कहा, “फिल्म में ढेर सारे लोकेशन्स हैं, क्योंकि नायक लाल सिंह चड्ढा को लगातार दौड़ता दिखाया गया है। रनिंग वाला पोर्शन पहले पुणे के स्टेडियम में शूट होना था, मगर कोविड मामले ज्यादा होने के चलते वहां शूट की परमिशन नहीं मिली तो मेकर्स नोएडा शिफ्ट हुए। वहां के जेपी स्पोट्र्स सिटी में हीरो की रनिंग वाले सीन शूट हुए हैं। भारत के कई राज्यों के लैंडमार्क लोकेशन्स पर भी आमिर की रनिंग वाले सीन शूट किए गए हैं। आमिर फिल्म में रनिंग के अलावा टीटी खेलते भी नजर आएंगे। वो रियल लाइफ में भी टीटी खेलते रहें हैं, मगर इस कैरेक्टर के लिए उन्होंने एक कोच को भी साथ रखा था।”
क्रिसमस पर हो सकती है यह फिल्म रिलीज
सूत्रों ने आगे कहा, “फिल्म में कहानी साल 2018 तक आती है, मगर मेकर्स ने एटीएम के आगे लगी अंतहीन कतारें या उस इंसीडेंट को फिल्म में नहीं दिखाया है। क्रिएटिव टीम को उसकी जरूरत नहीं महसूस हुई। प्रोड्यूसर और स्टूडियो इंतजार में हैं कि महाराष्ट्र के सिनेमाज खुलें। तो ही वो इस क्रिसमस पर आने की तैयार करेंगे। हालांकि फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन अभी अधूरा है। देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स इसी क्रिसमस पर आ पाते हैं या अगले साल कोई रिलीज डेट अनाउंस करते हैं।”