सीमा सन्देश न्यूज
सूरतगढ़। सिटी पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए डकैती की योजना बनाने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक युवक को लोडेड पिस्टल व श्रीगंगानगर से चोरी की गई ईको वैन सहित काबू किया है। इसके पास से डकैती की वारदात को अंजाम देने में उपयोग करने के औजार भी बरामद किए गए हैं। सिटी थानाधिकारी कृष्णकुमार ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान बड़ोपल रोड से किशनपुरा रोही की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते से असलम खां (33) निवासी गांव अलावडा (अलवर) को गिरफ्तार किया। जबकि इसके चार साथी भागने में कामयाब हो गए। नाकेबंदी के दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि सूर्यनगर के पास एक वैन में बैठे 5-6 बदमाश लूटपाट व एटीएम तोड़ने की साजिश बना रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने वहां पहुंच कर वैन में बैठे बदमाशों को रोकना चाहा तो वैन में बैठे बदमाश गाड़ी से उतरकर सरसों के खेतों की तरफ भागे गये। पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया तो एक बदमाश असलम खां पकड़ा गया। पुलिस टीम ने सरसों के खेत का घेरा देकर भागे बदमाशों को पकड़ने के लिए भरसक प्रयास किए, लेकिन सरसों की खड़ी फसल व अंधेरे का लाभ उठा कर चार बदमाश भाग गए। वैन से पांच लोहे की सब्बल, एक लोहे का घन (हथौड़ा), एक लोहे की चौकुंटी सब्बल, एक स्प्रे पेंट का केन, चार तोहे के पाने, लोहे के दो पेचकस, लोहे की दो केचियां, दो बाजू टेटू कवर, दो जोड़ी दस्ताने आदि सामान जब्त किए गए हैं। इसके अलावा अनवर से एक अवैध देशी पिस्टल मय कारतूस बरामद हुई है। गिरफ्तार किए गए असलम की पूछताछ के आधार पर उसके साथियों की पहचान इकबाल (28) निवासी अलावडा, रामगढ़, बिरजु मेव, सोनू रायसिख निवासी सूरतगढ़ हाल तिजारा अलवर, जावीर मेव निवासी गांव भादस (हरियाणा) के रूप में हुई है। ये सभी गैंग बनाकर अलवर से श्रीगंगानगर में लूटपाट व एटीएम तोड़ने के आए थे। अलवर से आने के बाद में श्रीगंगानगर में रात्रि के दौरान एक इको वेन चोरी कर सूरतगढ़ आ गए और सुनसान जगह पर लूटपाट व एटीएम तोड़ने की साजिश रच रहे थे।
सहायक उप निरीक्षक ताराचंद की रिपोर्ट पर पुलिस ने भादंसं की धारा 399, 402 व 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर तफ्तीश उप निरीक्षक मोटाराम के सुपुर्द की गई है।