वाराणसी
19 नवंबर को वाराणसी में देव दीपावली मनाई जाएगी। इससे पहले यहां पर्यटन को रफ्तार देने के लिए बुधवार से तीन दिवसीय हॉट एयर बैलून शो शुरू किया गया। सुबह लोगों ने बैलून में बैठकर जमीन से 1000 फीट की ऊंचाई तक उड़ान भरी। इस दौरान हॉट एयर बैलून को देखने और उनमें उड़ान भरने के लिए गंगा पार रामनगर क्षेत्र में डोमरी में रेत पर लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ था। पर्यटन विभाग ने हॉट एयर बैलून में घूमने के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपए शुल्क तय किया है।
बैलून उड़ाने के लिए पोलैंड से 7 पायलट आए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर रामनगर थाने की पुलिस के साथ ही बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड के कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने की ताकीद की।