जयपुर
विधानसभा में गतिरोध बरकरार है। भाजपा 4 विधायकों का निलंबन रद्द करने की मांग पर अड़ी है। भाजपा विधायकों का सदन में हंगामा जारी रहा। विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने विधानसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है। स्पीकर जोशी ने अपने चैंबर में सत्ता और विपक्ष के नेताओं के साथ मंथन किया, लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला। विधानसभा सत्र का शुक्रवार को तीसरा दिन है। रीट पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच करने और 4 विधायकों के निलंबन रद्द करने की मांग को लेकर भाजपा विधायकों ने जमकर हंगामा किया। इससे पहले स्पीकर जोशी की समझाइश के बाद नेता प्रतिपक्ष कटारिया ने कहा कि पहले पुलिस के हवाले पेपर की सुरक्षा थी लेकिन अब प्राइवेट लोगों को क्यों लगाया गया। शिक्षा संकुल में ही यह सारी घटनाएं कैस हुई। जब बाड़ ही खेत को खा जाए तो फिर कैसे हो गया। रीट पेपर लीक मामले की जांच ऊपर तक होनी चाहिए।