Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

विधानसभा में मंत्री को अपशब्द कहे, हंगामा:डोटासरा ने BJP को निंबाराम की पैरवी करने से टोका तो MLA ने अभद्रता की; स्पीकर के कहने पर माफी मांगी

जयपुर

विधानसभा में बुधवार को जमकर हंगामा हो गया। भाजपा विधायक मदन दिलावर ने शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा को अपशब्द कह दिए। हंगामा बढ़ने पर नेता प्रतिपक्ष गुलाब सिंह कटारिया और मदन दिलावर ने अपशब्दों के लिए सदन में माफी मांगी।

दिलावर ने स्थगन प्रस्ताव पर बोलते हुए धार्मिक टिप्पणियां कीं। इस पर भी हंगामा हुआ। अभिनेष महर्षि द्वारा निंबाराम की पैरवी करने पर जब गोविंद सिंह डोटासरा ने आपत्ति की तो दिलावर ने डोटासरा के लिए अपशब्द कह दिए। हालांकि हंगामे के बीच अपशब्द को ज्यादा विधायक नहीं सुन पाए, लेकिन डोटासरा सहित कई मंत्रियों ने सुन लिया। इस बीच विधानसभा की कार्यवाही आधा घंटा स्थगित ​हो गई।

विधानसभा की कार्यवाही फिर से शुरू होने पर सभापति राजेंद्र पारीक ने अपशब्द को सदन कार्यवाही से निकालने के आदेश देते हुए दिलावर से माफी मांगने को कहा। पहली बार दिलावर ने कहा कि डोटासरा ने निंबाराम के लिए जो शब्द इस्तेमाल किए उससे वह तैश में आ गए और ऐसे शब्द इस्तेमाल किए। इस पर सत्तापक्ष ने कड़ी आपत्ति की। सभापति ने दिलावर को टोकते हुए केवल माफी मांगने को कहा। सभापति के टोकने के बाद माफी मांगी।

दिलावर बोले- मेवात क्षेत्र आतंकियों का अड्डा और मिनी पाकिस्तान बना
भाजपा विधायक मदन दिलावर ने स्थगन प्रस्ताव के जरिए मामला उठाते हुए कहा- जो बृज क्षेत्र में कभी कृष्ण लीलाओं का केंद्र रहा था वह आज नरक क्षेत्र बन गया है। दलितों की जमीनों पर कब्जे हो रहे हैं, मंदिरों को ध्वस्त करके मस्जिदें बनाई जा रही है। मेवात क्षेत्र आंतकवादियों का अड्डा बन गया है। इस क्षेत्र से NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) ने भी आंतकियों को पकड़ा है। पांच साल पहले भी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकी को पकड़ा था।

मेवात क्षेत्र में हिंदू लड़कियों के साथ समुदाय विशेष के लोग गैंगरेप कर रहे हैं। यहां गैंगरेप की घटनाएं बढ़ रही हैं। जबरन धर्म प​रिवर्तन की घटनाएं सामने आई हैं। धर्म परिवर्तन के एक मामले में स्थानीय विधायक की सिफारिश पर दोषी बचा लिए गए। पीड़ित ने हरियाणा में गुहार की। अब इस घटना की जांच NIA कर रही है।

लव जिहाद के मामले में 18 लोगों के खिलाफ FIR हुई है। स्कूलों में जबरदस्ती धार्मिक शिक्षा दी जाती है। इस इलाके में आतंकी हाफिज सईद ने मस्जिद का निर्माण करवाया। 1989 में बृज क्षेत्र में मेवात विकास बोर्ड बनाया। मुस्लिम बहुल्य मानकर मेवात विकास बोर्ड घोषित कर दिया। यह क्षेत्र मिनी पाकिस्तान बन गया है।

दिलावर की धार्मिक टिप्पणियों पर सदन में हंगामा
मदन दिलावर की धार्मिक टिप्पणियों पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कड़ी आपत्ति करते हुए कहा कि हिंदू-मुस्लिम करने के लिए यहां आते हैं क्या? इस तरह की टिप्पणियां गलत है। सत्ता पक्ष के कई विधायकों और मंत्रियों ने भी दिलावर की टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई। बीजेपी और कांग्रेस विधायकों के बीच जमकर नोकझोंक हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *