नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट में पिछले कुछ महीने विवादों से भरे रहे हैं। विराट कोहली, जो तीन महीने पहले सभी प्रारूपों में टीम का नेतृत्व कर रहे थे, अब कप्तान नहीं हैं। रोहित शर्मा ने सफेद गेंद वाली टीमों की कमान संभाली है, जबकि वह टेस्ट कप्तान बनने की रेस में भी सबसे आगे हैं। अब विराट कोहली को एक बल्लेबाज के तौर पर अपनी ऊर्जा बनाए रखनी होगी। इस मामले पर बोलते हुए पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम ने कहा कि विराट कोहली ने अब टीम में आरामदायक माहौल बनाए रखने के लिए रोहित शर्मा और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के साथ तालमेल बनाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे।
विशेष रूप से वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी सीमित ओवरों की सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली नेतृत्व में बदलाव के बाद पहली बार एक साथ खेलेंगे। इस बारे में खेलनीति पॉडकास्ट में पूर्व चयनकर्ता सबा करीम ने कहा, “विराट कोहली को अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। उन्हें कुछ पछतावा हो रहा होगा, मुझे यकीन है, लेकिन समय सारे घावों को भर देता है। मुझे लगता है कि विराट इससे निपटने के लिए काफी अनुभवी और परिपक्व हैं। हमें इसे जल्द ही धरातल पर देखना चाहिए।”