नई दिल्ली
विराट कोहली ने भले ही इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2021 के दूसरे हाफ से पहले इस बात की पुष्टि कर दी थी कि वे इस सीजन के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर यानी आरसीबी के कप्तान नहीं होंगे, लेकिन अभी तक RCB ने विराट कोहली का कप्तानी पद छोड़ने का इस्तीफा मंजूर नहीं किया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो एक बार फिर से आरसीबी की कप्तानी विराट कोहली को सौंपी जा सकती है। इस बात तीन सबूत खुद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर यानी आरसीबी ने दे दिए हैं।
बता दें कि भले ही आप इस्तीफा दे चुके हैं, लेकिन अगर आपका इस्तीफा मंजूर नहीं किया जाता है तो आपको उस पद पर बने रहना पड़ सकता है। हालांकि, इसके लिए आरसीबी को विराट कोहली को भी मनाना होगा और एक सीनियर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट के सूत्रों की मानें तो विराट कोहली को फिर से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कमान मिल सकती है। भले ही वे अपनी कप्तानी में टीम को एक भी बार खिताब नहीं दिला पाए हैं, लेकिन फिर भी उनका और उनकी टीम का फैनबेस बहुत बड़ा है और इस बार टीम भी नई है।
दरअसल, विराट कोहली को फिर से कप्तान बनाए जाने की बात इसलिए भी जोर पकड़ रही है, क्योंकि आरसीबी ने अभी तक कप्तान का ऐलान नहीं किया है। फ्रेंचाइजी 12 मार्च को कप्तान का ऐलान करेगी, लेकिन इससे पहले कुछ तस्वीरें और वीडियो आरसीबी ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की हैं, जिनसे संकेत मिलते हैं कि विराट कोहली फिर से टीम के कप्तान नियुक्त किए जा सकते हैं। विराट कोहली को आरसीबी ने 15 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।