श्रीगंगानगर
पिछले कुछ वर्षों में भारतीय योग ने विश्व स्तर पर पहचान बनाई है। श्रीगंगानगर शहर में ही करीब तीस से पैंतीस गली मोहल्लों में जल्द ही योग प्रशिक्षण की तैयारी है। इन गली मोहल्लों में पहले भी योग कक्षाएं चलती थीं, ऐसे में अब विश्व योग दिवस यानी इक्कीस जून से इन्हें फिर से एक्टिवेट करने की तैयारी है।
योग प्रशिक्षकों ने अपने ‘योगा कैंप’ में जुटने वाले लोगों से फिर से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। श्रीगंगानगर के योगा कैंपों का तो आलम यह है कि भारत ही नहीं ऑस्ट्रेलिया के साधकों को भी श्रीगंगानगर की प्रशिक्षक विश्व योग दिवस पर प्रशिक्षण देंगी।
लगातार चल रही ऑनलाइन क्लास
योगा ट्रेनर रंजना छाबड़ा बताती हैं कि उनके यहां लॉकडाउन के दौरान लगातार ऑनलाइन कक्षा चली है। इस दौरान पूरे शहर से लोग उनसे जुड़ते हैं और योग का लाभ उठाते हैं। वे बताती हैं कि अब योग को भारतीय ही नहीं विदेशी भी पसंद करने लगे हैं। उन्होंने बताया कि इसी कारण विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में पूरे विश्व के देशों को योग से जोडऩे के लक्ष्य के तहत ऑस्टे्रलिया के लोगों को ट्रेनिंग देने की जिम्मेदारी उन्हें मिली है। इसके लिए विदेश सेवा के अधिकारी रहे डॉ.मोक्षराज आर्य प्रयास कर रहे हैैं।
वीडियो पर करवाया अभ्यास, अब लगाएंगे ऑफ लाइन
शहर के योग ट्रेनर श्यामसुंदर शर्मा बताते हैं कि लॉकडाउन के दौरान उन्होंने वीडियो के जरिए कुछ लोगों को ट्रेनिंग देने का प्रयास किया है। अब वे लॉकडाउन में छूट मिलने के साथ ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि वे आमजन को योग से रोग दूर करने के तरीके भी बताते हैं।
दे रहे हैं फ्री क्लास
मदनलाल खुराना बताते हंैं कि वे लंबे समय से योगा की फ्री ट्रेनिंग दे रह हैैं। लॉकडाउन से पहले ऑफ लाइन क्लास थी और अब फिर से इन्हें शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वे पंजाबी सिटी में कक्षा शुरू करेंगे वहीं शहर की होल्कर वाटिका, एन ब्लॉक पार्क, महिला पार्क, वीर सारवकर पार्क आदि में भी कोविड नियमों की पालना करते हुए योगा क्लास लगाई जाएगी।
शुरू करेंगे नई योगा क्लास
योग की ट्रेनिंग ले चुके नत्थूराम बताते हैं कि उन्होंने पूर्व में वीर सावरकर पार्क में योगा ट्रेनिंग ली है। अब वे अलग से क्लास शुरू करेंगे। शहर के आनन्द विहार में योग के माध्यम से लोगों को रोग मुक्त करने के लिए प्रयास करेेंगे।