Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

वैक्सीन आते ही मारामारी:जयपुर के प्रताप नगर की डिस्पेंसरी में लाइन में टोकन की बात पर महिलाएं और पुरुष भिड़े, पुलिस बुलाकर काबू करने पड़े हालात

जयपुर

राजस्थान को केन्द्र सरकार से समय पर वैक्सीन नहीं मिलने के कारण हर दूसरे-तीसरे दिन वैक्सीनेशन प्रोग्राम बंद करना पड़ रहा है। जिस दिन वैक्सीन आती है उस दिन लोगों में इसे लगवाने को लेकर जबरदस्त मारामारी मची रहती है। जयपुर के एक वैक्सीन सेंटर पर आज सुबह ऐसा ही कुछ देखने को मिला। प्रताप नगर सेक्टर 6 श्योपुर रोड स्थित डिस्पेंसरी में वैक्सीनेशन के रजिस्ट्रेशन के लिए लगी लाइन में महिलाओं ने हंगामा कर दिया। बाद में पुलिस कांस्टेबल बुलाए गए और उन्होंने मामला शांत किया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सेंटर पर करीब 3 दिन बाद वैक्सीनेशन शुरू हुआ। दूसरा डोज लगवाने वाले लोगों की लाइन सुबह करीब 8 बजे से डिस्पेंसरी में लग गई। यहां स्टॉक सुबह करीब 10 बजे पहुंचा, लेकिन जैसे ही रजिस्ट्रेशन का नंबर आया लाइन में लगी कुछ महिलाओं और पुरुषों में बहस हो गई। महिलाएं अलग से लाइन लगाने की बात कहकर पहले अपना रजिस्ट्रेशन करवाने लगी। इधर पुरुषों के साथ लाइन में खड़े लोग और उनके साथ लगी कुछ दूसरी महिलाएं इसका विरोध करने लगी। देखते ही देखते हंगामा हो गया। इसके बाद डिस्पेंसरी के प्रभारी ने पुलिस को फोन कर इसकी सूचना दी। तब तीन कांस्टेबल वहां आए और उन्होंने लोगों को समझाइश देकर मामला शांत किया।

रजिस्ट्रेशन के लिए काउंटर पर उमड़े लाेग।

रजिस्ट्रेशन के लिए काउंटर पर उमड़े लाेग।

केवल आज का स्टॉक बचा, कल से फिर किल्लत
प्रदेश में वैक्सीन की स्थिति देखें तो केवल आज का ही स्टॉक बचा हुआ है। दो दिन पहले 20 जुलाई को प्रदेश में 2.60 वैक्सीन की डोज आई थी। ये सभी डोज बुधवार को जिलेवार आवंटित कर दिए गए। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में 2.54 लाख लोगों को डोज लगी है। इसमें कुछ स्टॉक पहले का भी शामिल हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो अब केवल आज का ही स्टॉक बचा हुआ है। अगर आज केन्द्र सरकार से वैक्सीन नहीं मिली तो कल से फिर प्रदेश में कई सेंटर्स पर वैक्सीनेशन बंद करना पड़ेगा।

वैक्सीन सेंटर पर लगी भीड़।

वैक्सीन सेंटर पर लगी भीड़।

44 फीसदी लाभार्थियों को लगी वैक्सीन
राजस्थान में 18 या उससे ज्यादा उम्र के करीब 5.34 करोड़ लोग है, जिनको वैक्सीन लगाई जानी है। इनमें से अब तक 2 करोड़ 34 लाख 93,598 लोग (44 फीसदी) वैक्सीन की कम से कम एक डोज लगवा चुके हैं। जबकि 57 लाख 39,353 से लोग ऐसे हैं, जिनका वैक्सीनेशन पूरा हो गया है। एजग्रुप के हिसाब से स्थिति देखें तो अब तक 18-44 ग्रुप 97.50 लाख और 45 से ज्यादा एजग्रुप के लोगों को 1.74 लाख से ज्यादा डोज लगाई जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *