Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शहीदी समागम के उपलक्ष्य में निकला नगर कीर्तन

  • कल होगा मुख्य समागम
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा दीपसिंह में सालाना शहीदी समागम के उपलक्ष्य में चल रहे कार्यक्रमों की कड़ी में शुक्रवार को शहर में नगर कीर्तन निकाला गया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में निकले नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारों ने की। नगर कीर्तन का फूलों की वर्षा कर जगह-जगह स्वागत किया गया। नगर कीर्तन में शामिल संगत का उत्साह देखते ही बनता था। गुरुद्वारा शहीद बाबा दीपसिंह से शुरू हुआ नगर कीर्तन शहर के मुख्य-मुख्य मार्गांे से होता हुआ वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर सम्पन्न हुआ। नगर कीर्तन के दौरान फूलों से सुसज्लित पालकी में विराजमान श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष संगत ने शीश झुकाया। ट्रॉली पर सवार रागी जत्थों ने गुरु महिमा का बखान किया। बड़ी संख्या में सिख संगत नगर कीर्तन के साथ रही। पालकी के आगे नौजवान और बच्चे झाडू लगाते और पानी से सड़क की धुलाई करते रहे। सिख संगत के साथ ही अन्य धर्मों के नागरिक भी श्री गुरु ग्रंथ साहिब के आगे नतमस्तक हुए। इस दौरान नगर परिषद की निर्माण समिति के अध्यक्ष सुमित रणवां, पार्षद गुरदीप चहल, बलराज दानेवालिया, पलविन्द्र कौर, सुलोचना कण्डा, गुरुद्वारा सिंह सभा अध्यक्ष इन्द्र सिंह ने सेवा करने वाले सेवादारों को सरोपा भेंट किया। गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार जरनैल सिंह मुत्ती व मास्टर सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि शहीद बाबा दीपसिंह के शहीदी दिहाड़े के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सालाना शहीदी समागम के उपलक्ष्य में 9 फरवरी से निरन्तर अमृत वेले श्रद्धालुओं की ओर से प्रभातफेरी निकाली जा रही थी। गुरुवार को प्रभात फेरी का समापन हुआ। शुक्रवार को नगर कीर्तन निकाला गया। 27 फरवरी को मुख्य समागम का आयोजन होगा। इससे पहले सुबह श्री अखण्ड पाठों का भोग डाला जाएगा। तत्पश्चात आयोजित होने वाले समागम में गुणी ज्ञानी गुरुवाणी का बखान कर संगतों को निहाल करेंगे। गुरू का लंगर अटूट बरतेगा।