बीकानेर
हेल्थ डिपार्टमेंट ने श्रीडूंगरगढ़ में लेबोरेटरी और अस्पतालों की अचानक छानबीन की। इस दौरान अनियमितता मिलने पर एक लेबोरेटरी को सीज कर दिया। वहीं सरकारी अस्पताल में भारी लापरवाही मिलने पर सीएमएचओ डॉ. बी.एल. मीणा ने नाराजगी जताई। दरअसल, डॉ. मीणा गुरुवार दोपहर श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे। उन्होंने पहले यहां के सरकारी अस्पताल का निरीक्षण किया। डॉ. मीणा ने ओपीडी, एक्सरे, जनरल वार्ड, कोविड वार्ड, आपातकालीन वार्ड, महिला विंग और वैक्सीनेशन रूम का निरीक्षण किया। सीएमएचओ ने सीएचसी प्रभारी डॉ. एस के बिहानी और सहायकों से रोज होने वाली ओपीडी की जानकारी मांगी।
कोविड वैक्सीनेशन की रिपोर्ट नहीं
श्रीडूंगरगढ़ के इस अस्पताल में ये रिकॉर्ड भी नहीं मिला कि वैक्सीनेशन का कितना टारगेट पूरा हो गया है। किस किसको वैक्सीन लगी है, इसका रिकार्ड भी अपडेट नहीं था। इस पर सीएमएचओ ने संबंधित नर्सिंग कर्मी पर नाराजगी जताई। सीएचसी परिसर में फैली बेतरतीब गंदगी पर भी नाराजगी जताई।
निजी लैब को किया सीज
कस्बे में स्थित वर्धमान लैबोरेटरी भी डॉ. मीणा पहुंचे, जहां एक रोगी को ड्रीप लगाई जा रही थी। इस दौरान बीसीएमओ डॉ संतोष आर्य भी साथ रहे। इस पर लेब संचालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इससे पहले भी दवाओं की दुकान में रोगी को ड्रिप लगाने के मामले सामने आए हैं। लैब को सीज करने के निर्देश दिए गए हैं।