Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सज रहे मंदिर, गणेश प्रतिमाओं की हो रही खरीदारी

बीकानेर. प्रथम पूज्य देव भगवान गणेश का प्राकट्य दिवस गणेश चतुर्थी 10 सितम्बर को मनाया जाएगा। घरों से मंदिरों तक तैयारियां चल रही है। गणेश मंदिरों की साफ-सफाई, रंग रोगन और रंग बिरंगी रोशनियों से सजाने का काम शुरू हो गया है। गणेश चतुर्थी से शुरू होने वाले दस दिवसीय गणेश पूजन महोत्सव को लेकर गणेश प्रतिमाओं की खरीदारी शुरू हो गई है। घर-घर में गणेश प्रतिमाओं को स्थापित कर उनका दस दिनों तक पूजन किया जाएगा। कोरोना महामारी के मद्देनजर लोग घर-घर में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कर उनके पूजन के लिए छोटी प्रतिमाओं की अधिक खरीदारी कर रहे है। गणेश चतुर्थी पर श्रद्धालु व्रत-उपासना कर भगवान गणेश का पूजन करेंगे।

छोटी प्रतिमाओं की बिक्री अधिक

गणेश चतुर्थी से शुरू होने वाले दस दिवसीय गणेश पूजन के लिए लोग भगवान गणेश की छोटी प्रतिमाओं को अधिक पसंद कर रहे है। इन प्रतिमाओं को घरों में स्थापित कर दस दिनों तक पूजन किया जाएगा। पूजन उत्सव की पूर्णाहुति पर इन प्रतिमाओं का विसर्जन पवित्र सरोवरों में किया जाएगा। शहर में राव बीका प्रतिमा स्थल के आगे, सार्दुल सिंह सर्कल, पूगल रोड, जयपुर रोड सहित विभिन्न स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की बिक्री शुरू हो गई है।

घरों के मुख्य द्वार के ऊपर होगा पूजन

गणेश चतुर्थी पर घर-घर भगवान गणेश का पूजन होगा। घरों के मुख्य द्वार के ऊपर स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमाओं का पूजन, शृंगार कर आरती की जाएगी व मोदक का विशेष भोग लगाया जाएगा। 10 सितम्बर को मध्याह्न 12 बजे मंदिरों व घरों में भगवान गणेश का अभिषेक, पूजन होगा। मुख्य द्वार पर स्थापित गणेश मूर्तियों का तेल, सिंदूर, बर्ग, मालीपाना, इत्र, कुमकुम, अक्षत, चंदन, धूप, दीप, नैवेद्य, रोली, सुपारी आदि पूजन सामग्री से पूजन किया जाएगा।

मंदिरों में होंगे अभिषेक-पूजन

शहर के गणेश मंदिरों में 10 सितम्बर को भगवान गणेश की मूर्तियों का पंचामृत से अभिषेक-पूजन कर शृंगार किया जाएगा। वेदोक्त मंत्रोच्चारण के बीच अभिषेक-पूजन होंगे। इक्कीसिया गणेश मंदिर, बडा गणेश मंदिर, श्री आदि गणेश मंदिर, कोटगेट सट्टा बाजार स्थित गणेश मंदिर, मोहता सराय स्थित गणेश मंदिर सहित सभी गणेश मंदिरों में गणेश चतुर्थी पर अभिषेक, पूजन, शृंगार, महाआरती और भजनों के आयोजन होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *