बॉलीवुड के ट्रेजेडी किंग दिलीप कुमार का निधन 7 जुलाई को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में हो गया है। दिग्गज अभिनेता को जब अस्पताल से घर लाया गया तो इंडस्ट्री की तमाम बड़ी हस्तियां उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। इसी बीच शाहरुख खान ने भी दिलीप कुमार के घर पहुंचकर उनकी पत्नी सायरा बानो को सांत्वना दी। इस बीच जिस बात ने लोगों का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा वो ये थी कि शाहरुख घर के अंदर भी सनग्लासेस लगाए हुए सायरा बानो के पास बैठे थे। तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने किंग खान को बुरी तरह ट्रोल करना शुरू कर दिया।
किंग खान की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी जिसमें वो सफेद टी-शर्ट, जींस और सनग्लासेस पहने हुए सायरा बानो के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। घर के अंदर सनग्लासेस पहने स्टाइल से बैठे हुए शाहरुख खान को देखकर एक यूजर ने लिखा, ‘अंतिम संस्कार में सनग्लासेस पहनना? बॉलीवुड फेक है’। वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, ‘मास्क पहनना चाहिए था, वो नहीं पहना, शेड्स पहने हुए हैं वो भी घर के अंदर, ये लोग साइंस से परे हैं’। एक ने ट्रोल करते हुए लिखा, ‘सांत्वना देने आए हैं या पार्टी में? सनग्लासेस तक नहीं हटाए’।