Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सफाई कर्मचारी आज से कलक्ट्रेट के समक्ष शुरू करेंगे बेमियादी धरना

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। नगर परिषद प्रशासन पर जान-बूझकर मानसिक एवं आर्थिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाते हुए सफाई कर्मचारी अखिल राजस्थान सफाई मजदूर कांग्रेस के बैनर तले सफाई कर्मचारियों को गुरुवार से जिला कलक्ट्रेट के समक्ष बेमियादी धरना शुरू करेंगे। इस सम्बंध का ज्ञापन बुधवार को संगठन सदस्यों ने उपखण्ड अधिकारी कपिल यादव को सौंपा। संगठन के प्रदेश सचिव बिहारीलाल अठवाल ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए गत लम्बे समय से नगर परिषद प्रशासन को काफी बार अवगत करवाया जा चुका है परन्तु नगर परिषद प्रशासन की ओर से उनकी मांगों की अनदेखी करते हुए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। गत सप्ताह संगठन के शिष्टमण्डल के साथ आयुक्त की ओर से अभद्र व्यवहार किया गया। बिहारीलाल अठवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि समस्याओं का निदान करने के बजाय उल्टा सफाई कर्मचारियों को नगर परिषद प्रशासन की ओर से मानसिक एवं आर्थिक रूप से परेशान कर चुप रहने का दबाव बनाया जा रहा है और भयभीत किया जा रहा है। विभागीय उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के साथ नगर परिषद प्रशासन अपनी गुंडागर्दी से बाज नहीं आ रहा है। इसके विरोध में गुरुवार से सफाई कर्मचारी जिला कलक्ट्रेट के समक्ष बेमियादी धरने पर बैठेंगे। मांग पूरी न होने तक धरना जारी रहेगा। प्रतिनिधि मंडल में जिलाध्यक्ष सुरेश चांवरिया, उपाध्यक्ष विनोद टाक, महासचिव प्रकाश गोंद, रतनलाल अठवाल, विक्रम अठवाल, विनोद चंदेलिया, जोहरीराम, राजकुमार धारीवाल, ललिता देवी, राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा अध्यक्ष बाबूलाल लहरी, अखिल भारतीय वाल्मीकि सामाजिक न्याय संगठन के मुख्य संचालक भंवरलाल चांवरिया आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *