सब्जियों का राजा कहे जाने वाले आलू से ब्लड शुगर, हृदय रोग और मोटापा बढ़ने का खतरा है। यह दावा हार्वर्ड मेडिकल स्कूल के वैज्ञानिकों ने अपनी हालिया रिसर्च में किया है। वैज्ञानिकों का कहना है, आलू में कार्बोहाइड्रेट अधिक होने के कारण सेहत को नुकसान पहुंच रहा है। आलू की तरह जमीन के अंदर पैदा होने वाली सब्जियों में कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं लेकिन इन सभी में कार्बोहाइड्रेट अधिक होता है।
आलू क्यों नुकसान पहुंचाता है, इसे ऐसे समझें
वैज्ञानिकों का कहना है, आलू में कार्बोहाइड्रेट अधिक होता है। यह आसानी से पच जाता है, इस कारण शरीर का ब्लड शुगर तेजी से बढ़ता है और फिर उतनी ही तेजी से घट जाता है। जो खतरनाक है।
आलू के नुकसान पहुंचाने की एक वजह और भी है। जमीन में उगने वाली चीजों में कार्बोहाइड्रेट अधिक होने के कारण उनका ग्लाइसीमिक इंडेक्स भी ज्यादा होता है। ग्लाइसीमिक इंडेक्स ज्यादा होने का मतलब है उन चीजों से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ता है। ऐसी चीजें खाने के बाद जल्द ही ब्लड में शुगर की मात्रा बढ़ने लगती है।
मोटापा, हृदय रोग और डायबिटीज का खतरा बढ़ता है
रिसर्च के मुताबिक, ऐसी चीजें खाने के बाद जल्दी-जल्दी भूख लगती है। नतीजा, इंसान बार-बार खाना खाता है और जरूरत से ज्याद खाना खाने का आदी हो जाता है। लम्बे समय तक ऐसी चीजें खाने पर मोटापा, डायबिटीज और हृदय रोगों का खतरा बढ़ता है। वैज्ञानिकों का कहना है, ऐसे मामलों में मोटापा सबसे बड़ी समस्या है।
20 साल तक 1.20 लाख लोगों पर हुई रिसर्च
आलू और बीमारियों के बीच कनेक्शन को समझने के लिए 20 तक रिसर्च की गई। रिसर्च के दौरान 1 लाख 20 हजार महिला और पुरुषों के लाइफस्टाइल और खानपान पर नजर रखी गई। द न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में पब्लिश रिसर्च में सामने आया कि फ्रेंच फ्राइज, बेक्ड और हुए आलू खाने के कारण लोगों का वजन बढ़ा।