अलवर
शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने रविवार काे अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में अधिकारी व जनप्रतिनिधियों की बैठक ली। इसमें बहरोड़ के विधायक (निर्दलीय) बलजीत यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। रोजाना एसीबी ट्रैप करती है। फिर भी समझ नहीं रहे। मीटिंग के बाद प्रभारी मंत्री कल्ला ने जवाब दिया कि पिछले 3 साल में एसीबी व सरकार ने बहुत अच्छा कार्य किया है।
अलवर में कांग्रेस की नेता व नगर परिषद अलवर की सभापति बीना गुप्ता को एसीबी की ओर से ट्रैप किए जाने के बावजूद सरकार ने पद से नहीं हटाया। इस सवाल के जवाब में मंत्रीजी ज्यादा कुछ नहीं बोल सके। इतना ही कहा कि किसी को बचाने की कोशिश नहीं है। हम तो चाहते हैं हर कोई ईमानदारी से कार्य करे। हमारे मुख्यमंत्री सख्त हैं। अलवर के सभापति के मामले में मुझे पूरे प्रकरण का मालूम नहीं है। जो भी प्रकरण में लिप्त है, उनके खिलाफ सरकार कार्रवाई निश्चित रूप से करेगी।