चंडीगढ़
चंडीगढ़ के युवा रोहित कुमार के जज्बे को पूरी दुनिया जल्द ही रूस में होने वाले एक कार्यक्रम में देखेगी। कोरोना काल में उनके और उनकी संस्था की ओर से किए गए कार्यों को मास्को में आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुत किया जाएगा। रूस की सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में दुनिया भर से ऐसे लोगों को आमंत्रित किया गया है, जिन्होंने कोरोना काल में समाज और देश के लिए बेहतर कार्य किया। भारत से इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तीन लोगों को आमंत्रण मिला है।
स्वरमनी फाउंडेशन के संस्थापक रोहित कुमार ने बताया कि अगस्त 2020 में हमें जानकारी मिली कि रशियन सरकार, यूनाइटेड नेशन और रशियन रेडक्रॉस मिलकर कोरोना काल में बेहतर काम करने वाले लोगों को सम्मानित करना चाहते हैं। उनकी यात्रा को दुनिया के सामने रखना चाहते हैं ताकि युवाओं को उनसे प्रेरणा मिल सके। रोहित ने बताया कि हमारे दस्तावेजों के आधार पर साक्षात्कार हुआ। 15 नवंबर को इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन (यूएन) की तरफ से एक पत्र आया, जिसमें बताया गया कि एक दिसंबर से 6 दिसंबर तक मास्को में सम्मान समारोह होना है, जहां उन्हें आमंत्रित किया जा रहा है। पता चला कि कार्यक्रम में देश से तीन लोगों को ही आमंत्रित किया गया है। इनमें अहमदाबाद से मधीश पारिक और उत्तराखंड से शुभम हैं।