नई दिल्ली
भारतीय सिनेमा जगत के दिग्गज कलाकारों को आज 67वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर विज्ञान भवन में समारोह का आयोजन किया गया, जहां अभिनेत्री कंगना रनौत भारतीय पारंपरिक परिधान में बेहद खूबसूरत और ग्रेसफुल लुक में नजर आईं। कंगना रनौत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। कंगना जब अपने मां और पिता के साथ अवॉर्ड लेने पहुंचीं, तो लोगों की नजरें उन पर ही टिक गईं। खूबसूरत सुनहरी साड़ी, हैवी पारंपरिक ज्वैलरी, बालों में गजरा लगाए कंगना का देसी अंदाज बेहद शानदार रहा। उनके लुक और ड्रेसिंग स्टाइल की हर कोई तारीफ कर रहा है। कंगना ने अपने लुक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। वैसे तो कंगना अक्सर साड़ी लुक में नजर आ जाती हैं, लेकिन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में वह अधिक प्रभावशाली लुक में नजर आईं।