ग्रीफ के अधिकारी लिफ्त-नामजद, सरकारी डंफर और ट्रैक्टर ट्रॉली सहित भारी मात्रा में डीजल जब्त
श्रीगंगानगर । सदर थाना क्षेत्र में जिला अस्पताल के पीछे पत्रकार कॉलोनी में कल देर रात को पुलिस ने छापा मारकर चार व्यक्तियों को अवैध रूप से सस्ते भाव में डीजल बेचते और खरीदते गिरफ्तार किया। पकड़े गए व्यक्तियों में दो सीमा सड़क संगठन (ग्रीफ) के संविदा कर्मी,एक दलाल और एक खरीदार शामिल है। मौके पर से पुलिस ने ग्रीफ का एक डंफर, एक निजी ट्रैक्टर ट्रॉली, भारी मात्रा में डीजल और बिक्री के डेढ़ लाख रुपए बरामद किए हैं।डीजल सस्ते भाव में बेचने के इस मामले में ग्रीफ के दो-तीन अधिकारियों को भी नामजद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि कल देर रात एक सूचना के आधार पर जिला अस्पताल के पीछे पत्रकार कॉलोनी के बाड़े(नोहरा) से इंद्रजीत बिश्नोई पुत्र सुभाष चंद्र बिश्रोई निवासी आसींगा थाना भूना जिला फतेहाबाद (हरियाणा) जितेंद्र कुमार जाट पुत्र सांवरमल निवासी धांगनी थाना नेच्छावा जिला सीकर, मुरलीधर सिंधी पुत्र भगवानदास सिंधी निवासी मुरलीधर आटा चक्की जैतसर पुलिया के पास, पदमपुर और हरदीप सिंह रामगढ़िया(45) पुत्र गुरदेवसिंह रामगढ़िया निवासी वार्ड नंबर 5 पदमपुर जिला श्रीगंगानगर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जब छापा मारा तो वहां खड़े अशोका लीलैंड ट्रक डंफर (नंबर 4913 ई 72062 141) से डीजल से भरे दलों को उतार कर ट्रैक्टर ट्रॉली में लादा जा रहा था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इंद्रजीत और जितेंद्र पंजाब के फाजिल्का में ग्रीफ ऑफिस में संविदा आधारित कर्मचारी हैं। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वे डीजल साधुवाली सैनिक छावनी में संतोष भारद्वाज आई/सी ई- 4,जेई ( ई एंड एम) यूनिट 141 डीएमसी (ग्रीफ) से लेकर फाजिल्का पंजाब यूनिट 854 डीएमपीएल (ग्रीफ)के लिए रसीद कटवा कर लाए हैं। उन्हें डीजल फाजिल्का भिजवाना था किंतु फाजिल्का ग्रीफ के अधिकारी लिंगा राजू और विनोद कुमार के कहे अनुसार अवैध तौर पर बेचने के लिए पत्रकार कॉलोनी में लेकर पहुंचे। डीजल बेचकर 1 लाख 30 हजार उन्होंने लिंगा राजू और विनोद कुमार को देने थे। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक दोनों संविदा कर्मी डीजल लेकर पत्रकार कॉलोनी में एक दलाल मुरलीधर के बाड़े में लेकर आ गए। वहां डीजल का खरीदार हरदीपसिंह भी मुरलीधर के साथ ही मौजूद था। दोनों ने 2000 लीटर डीजल 75 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से डेढ़ लाख रुपए में खरीदा। डीजल से भरे 10 ड्रम डंफर से उतार कर मुरलीधर और हरदीपसिंह द्वारा साथ लाई गई ट्रैक्टर ट्रॉली में रखवा रहे थे कि इसी बीच किसी ने गुप्त रूप से पुलिस अधिकारियों को सूचना दे दी। पुलिस ने पकड़े गए इन व्यक्तियों के कब्जे से 1 लाख 50 हजार रुपए बरामद किए हैं। बकौल पुलिस इनमें से 10 -10 हजार रुपए बतौर कमीशन इंद्रजीत और जितेंद्र ने अपने पास रख लिए। बाकी 1लाख 30 हजार लिंगा राजू और विनोद कुमार को देने थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साधुवाली सैनिक छावनी से डीजल ग्रीफ फाजिल्का ले जाया जाना था। वहीं के लिए डीजल रिलीज किया गया था, लेकिन ग्रीफ के अधिकारियों की मिलीभगत से डीजल बाजार भाव से भी कम दाम में किसानों को बेचने के लिए दलाल के मार्फत सौदा किया गया। मौके पर से ग्रीफ के सरकारी डंफर के अलावा, प्लास्टिक के 10 ड्रमों में 2200 लीटर डीजल, एक जरीकन में 20 लीटर पेट्रोल जैसा तरल पदार्थ, 1 लाख 50 हजार रुपए नगद और डीजल को ग्रीफ फाजिल्का पहुंचाने की रसीद आदि कागजात बरामद हुए हैं। पकड़े गए चारों व्यक्तियों के खिलाफ देर रात को सदर थाना में धारा 406, 407,120-बी और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी सदर थाना प्रभारी हनुमानाराम ने चारों अभियुक्तों को आज दोपहर अदालत में पेश किया।उन्होंने बताया कि पूछताछ करने के लिए 4 दिन का रिमांड मिला है। उन्होंने बताया कि साधुवाली सैनिक छावनी में ग्रीफ कंपनी का डीपू है। इस डीपू से डीजल फाजिल्का हेड क्वार्टर ले जाया जाना था। इस मामले में लिप्त ग्रीफ के अधिकारियों से भी पुलिस कड़ी पूछताछ करेगी।उन्होंने बताया कि जितेंद्र तथा इंद्रजीत ग्रीफ में संविदा कर्मी हैं।