सादड़ी (पाली)
राजस्थान में एक बार फिर शंभूलाल रैगर जैसा वीडियो सामने आया है। बस अंतर इतना है कि ताजा मामले में पीड़ित जिंदा है। शहर के लोगों में अपने खौफ को बढ़ाने के लिए एक आदतन अपराधी ने फिल्मी अंदाज में इलाके के एक युवक को पकड़ा और उससे बेवजह मारपीट की। वीडियो बनाकर फेसबुक पर डालने के लिए सादड़ी के आदतन अपराधी नरेश माली ने दलित युवक का ईंट से सिर फोड़ दिया। गर्दन पर पैर रखकर फिल्मी डायलॉग बोले। इसके बाद इलाके के लोगों में डर पैदा करने के लिए वीडियो फेसबुक पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार नरेश माली गांव के ही रहने वाले प्रकाश मेघवाल के घर गया था और वहां फर्नीचर बनाने का काम कहकर उसे जंगल में ले गया। जंगल में लाकर नरेश ने प्रकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान नरेश ने उसका सिर कुचलने की भी कोशिश की। जब परिजनों को इसके बारे में पता चला तो वे उसे छुड़ाकर गंभीर हालत में सादड़ी अस्पताल लेकर आए। यहां से उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। इस पूरी घटना के वीडियो नरेश ने अपनी सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए। इसके बाद जब पुलिस तक यह वीडियो पहुंचे तो हरकत में आई और उसे पकड़ पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी नरेश पूर्व में भी पिस्तौल के साथ पकड़ा जा चुका है और लोगों को डराने-धमकाने के लिए वह हथियार साथ रखता था।

खून से लथपथ प्रकाश मारपीट नहीं करने की विनती करते हुए।
वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस आरोपी को पकड़ थाने लाई
सोशल मीडिया पर नरेश माली द्वारा प्रकाश मेघवाल के साथ बेरहमी से मारपीट करने का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने पीड़ित के परिजनों से इसकी रिपोर्ट ली और आरोपी को गुरुवार देर शाम को पकड़ थाने भी ले आई। जिससे पूछताछ की जा रही है।

प्रकाश की गर्दन पर रखा आरोपी का पैर।
खुद को बड़ा डॉन साबित करने और खौफ पैदा करने के लिए वीडियो अपलोड करता है
आरोपी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दो वीडियो अपलोड किए। इसमें वह प्रकाश मेघवाल के साथ ईंट से बेहरमी से मारपीट करता नजर आ रहा है और उसकी गर्दन पर पैर रखा हुआ है। तो दूसरे वीडियो में आरोपी उसके ऊपर बैठा नजर आया। गंभीर घायल प्रकाश उससे रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन आरोपी किसी गैंगस्टर की तरह हवा में हाथ लहराते हुए कुछ बोलता नजर आया। वीडियो के बैकग्राउंड में कुछ डायलॉग व गाने भी डाले हैं, जिससे वह अपने आप की छवि गैंगस्टर जैसी बता रहा है।
इसलिए किया प्रकाश पर जानलेवा हमला
बाली सीओ हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि आरोपी नरेश माली का एक दोस्त कमलेश नाम का युवक हैं। दोनों साथ मिलकर चोर की एक वारदात करते पकड़े भी गए थे। दोनों के बीच लेन-देन का कुछ विवाद था। इसको लेकर प्रकाश मेघवाल कमलेश के साथ नरेश माली के पास गया हिसाब करवाने। इसी बात को लेकर नरेश माली प्रकाश मेघवाल से रंजिश रखने लगा। घटना वाले दिन नरेश उसे यह कहकर अपने साथ ले गया कि फर्नीचर का काम करना हैं और फिर उसके साथ मारपीट की तथा वीडियो वायरल कर दिया।
सोशल मीडिया अकाउंट खोल रहा है नरेश की कुंडली, गैंगस्टर बनाना चाहता है
नरेश का सोशल मीडिया अकाउंट खंगाला तो पता चला कि वह गैंगस्टर बनने की राह पकड़ चुका है। हथियारों के साथ वीडियो, दोस्तों के साथ स्मोकिंग करने के वीडियो, आरोपी अपने आपको भाई समझता है। एक वीडियो ने उसने लिख रखा हैं सादड़ी का किलर बॉय द एनएस भाई। किसी को क्यों मारते हैं पैसे के लिए…. जैसी टैग लाइन के साथ वीडियो अपलोड कर रखे हैं। ज्यादातर वीडियो आरोपी के एक फर्नीचर के शोरूम में बनाए हुए हैं।
29 मार्च को हथियार के साथ पकड़ा गया था, छूटते ही हद पार कर दी
आरोपी नरेश माली पिछले 8 माह में 6 वारदात कर चुका। नवंबर 2020 में एक दलित युवक से बेरहमी से मारपीट की पहली वारदात को अंजाम दिया। उसके बाद सादड़ी व देसूरी में चोरी-नकबजनी की तीन वारदात की। 29 मार्च, 2021 को सादड़ी पुलिस ने उसे पूर्व पालिका उपाध्यक्ष घीसाराम जाट के पुत्र कमलेश के साथ हथियार के साथ पकड़ा। कुछ दिनों पहले ही वह जेल से छूटा और गुरुवार सुबह प्रकाश मेघवाल को जंगल में ले गया और उसके साथ क्रूरता की। आरोपी के खिलाफ नवम्बर 2020 से मार्च 2021 तक मारपीट, चोरी-नकबजनी व हथियार तस्करी के पांच मामले दर्ज है, लेकिन उसके बाद भी पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट नहीं खोली।