Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सावन का दूसरा सोमवार आज, शिवालयों में चलेंगे अभिषेक-पूजन के दौर

बीकानेर. सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में अभिषेक-पूजन का क्रम चलेगा। अलसुबह से देर रात तक शिवालय हर-हर महादेव और बम भोले के जयकारों की गूंज रहेगी। रूद्राष्टध्यायी पाठ के वेद मंत्रों के उच्चारण के बीच महादेव का जल, गंगाजल, दूध, दही, शर्करा, घी, शहद, ईख रस, पंचामृत आदि से रूद्राभिषेक किया जाएगा। आक, धतूरा, पुष्प, भस्म आदि से भोलेनाथ का श्रृंगार कर महाआरती की जाएगी।

कई शिवालयों में भजन और स्तुती गान होगा। घर-घर में भी महादेव का अभिषेक पूजन कर आरती की जाएगी। सावन के पहले दिन से चल रहे सवा लाख पार्थिव शिवलिंग पूजन-अनुष्ठान में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। सोमवार को लेकर कई शिवालयों को रंग बिरंगी रोशनियों से सजाया गया है। मंदिरों में अभिषेक-पूजन को लेकर विशेष तैयारियां की गई है।

अभिषेक का दौर, हर हर महादेव की गूंज

सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में दिनभर अभिषेक-पूजन का दौर चलेगा। शिवबाड़ी लालेश्वर महादेव, सागर स्थित महादेव, लालगढ़ क्षेत्र स्थित मार्कण्डेय महादेव, हनुमान हत्था स्थित बारह महादेव, केईएम रोड स्थित महादेव मंदिर, व्यास कॉलोनी शिव मंदिर, मुक्ता प्रसाद शिव मंदिर, जूनागढ़ के सामने शिखर बंद महादेव, नत्थूसर गेट के बाहर जोशी बगीची, गोकुल सर्कल स्थित सूरदासाणी बगीची महादेव, धरणीधर महादेव, महानन्द महादेव, अमरेश्वर महादेव, काशी विश्वनाथ महादेव, गज गंगेश्वर महादेव, अचलेश्वर महादेव, जबरेश्वर महादेव, नाटेश्वर महादेव, गौरी शंकर महादेव, गोपेश्वर महादेव, भूतनाथ महादेव, आत्मेश्वर महादेव, कसौटीनाथ महादेव, जनेश्वर महादेव सहित सभी शिवालयों में अभिषेक-पूजन के दौर चलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *