सोनीपत
हरियाणा में सिंघु बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन के बीच एक और किसान की मौत हो गई। किसान का शव बॉर्डर पर ही नीम के पेड़ से लटका मिला है। वह पंजाब के जिला फतेहगढ़ साहिब का रहने वाला था और काफी समय से आंदोलन से जुड़ा हुआ था। कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बीकेयू सिद्धपुर से जुड़े पंजाब के फतेहगढ़ साहिब की तहसील अमलोह के गांव रुड़की निवासी 45 वर्षीय गुरप्रीत सिंह पिछले काफी समय से सिंघु बॉर्डर पर अपने साथियों के साथ ट्राली में ठहरा हुआ था। दिवाली से पहले उसके साथी घर लौट गए थे। उसके बाद से ही वह ट्रॉली में अकेला रह रहा था।