सीटू कार्यकर्ता 29 जुलाई को करेंगे जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन
by seemasandesh
जिला कलक्टर की ओर से मिड-डे मील कर्मचारियों से मिलने से इनकार करने का मामला हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। आठ सूत्री मांगों को लेकर केन्द्रीय ट्रेड यूनियन सीटू के पदाधिकारियों के नेतृत्व में जिला कलक्ट्रेट पहुंची मिड-डे मील कार्यकतार्ओं को ज्ञापन सौंपने के लिए जिला कलक्टर की ओर से काफी देर तक चैम्बर के बाहर इन्तजार करवाने व वहां तैनात पुलिस कर्मियों की ओर से महिलाओं के प्रति कथित अभद्र भाषा का प्रयोग करने से नाराज सीटू कार्यकर्ता 29 जुलाई को जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करेंगे। विरोध-प्रदर्शन को लेकर शनिवार को जंक्शन में लाल चौक के नजदीक स्थित शहीद भगतसिंह यादगार केन्द्र में सीटू कार्यकतार्ओं की बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए सीटू के राज्य उपाध्यक्ष रामेश्वर वर्मा ने कहा कि कोरोना काल में कारखाने बंद हो गए। मजदूरों का रोजगार चला गया। उस समय केन्द्र व राज्य सरकार ने ऐलान किया था कि कोरोना काल में जिन मजदूरों का रोजगार चला गया, उन्हें रोजगार दिया जाएगा। साथ ही यह आदेश भी जारी किया कि कोई भी निजी कारखानों से मजदूरों को हटाए नहीं और उन्हें काम दे। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में दोपहर का भोजन बनाने वाली मिड-डे मील कर्मचारी को प्रतिमाह मात्र 1200 रुपए मजदूरी मिल रही है। स्कूल बंद होने से उन्हें लम्बे समय से वेतन नहीं मिला। इसी के चलते प्रदेशव्यापी आह्वान पर 20 जुलाई को मिड-डे मील कर्मचारियों की यूनियन ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया। जिला मुख्यालय पर भी मिड-डे मील कर्मचारी सीटू पदाधिकारियों के नेतृत्व में जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपने पहुंची। लेकिन जिला कलक्टर ने करीब पौने घंटे तक मिड-डे मील कर्मचारियों को चैम्बर में नहीं बुलाया। उन्हें बाहर धूप में खड़ाए रखा। वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। जिला कलक्टर ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया जो निन्दनीय है। उन्होंने कहा कि मिड-डे मील कर्मचारी जो सबसे कम वेतन में काम कर रही हैं और लम्बे समय से रूका हुआ वेतन दिलाने के लिए राज्य सरकार से मांग करने आई थी। परंतु जिला कलक्टर ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया। रामेश्वर वर्मा का आरोप था कि जिला कलक्टर, किसान-महिला व मजदूर विरोधी हैं और भाजपा के समर्थक हैं। भाजपा नेताओं की मांग पर ही जिला कलक्टर ने धरना-प्रदर्शन में अधिक भीड़ एकत्रित करने की रोक लगा दी है। यह सब केन्द्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आन्दोलन को खत्म करने का प्रयास है। लेकिन सीटू कार्यकर्ता यह सहन नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि मिड-डे कर्मचारियों से मिलने से इनकार करने व उनसे अभद्र व्यवहार करने के विरोध में 29 जुलाई को जिला कलक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। बैठक में आत्मासिंह, बहादुर सिंह चौहान, शेरसिंह, मलकीत सिंह, सरपंच बलदेव सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।