ब्लैड से कट लगाकर महिला यात्री के बैग से जेवरात-नकदी पार
by seemasandesh
हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। हरियाणा के मिी सुरेरां से ट्रेन में सवार हुई महिला यात्री के बैग से रास्ते में जेवरात व नकदी पार हो गई। अज्ञात जनों ने ब्लैड से कट लगाकर बैग से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया। हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचने पर महिला को इसका पता चला। महिला ने ट्रेन में सवार दो युवकों पर चोरी करने का शक जताते हुए हनुमानगढ़ जीआरपी थाना में मुकदमा दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार उषा (35) पत्नी राजेश भाट निवासी जोधपुर ने बताया कि वह अपनी बहन के पास हरियाणा के मिी सुरेरां में गई थी। उसे अपनी दूसरी बहन के साथ जोधपुर ससुराल जाने के लिए हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन से शनिवार सुबह जम्मू तवी ट्रेन पकड?ी थी। इसके लिए वह शुक्रवार को अपराह्न करीब तीन बजे मिी सुरेरां रेलवे स्टेशन पर सादुलपुर से श्रीगंगानगर के बीच चलने पर ट्रेन पर सवार हुई। उसी डिब्बे में दो युवक और सवार थे, जिन्होंने भीड़ अधिक होने पर उसे कहा कि वे उसका बैग ऊपर रख देते हैं। एक युवक ने उसका बैग ऊपर रख दिया तथा वह भी ऊपर बैग के पास जबकि दूसरा युवक उसके सामने की बर्थ पर नीचे बैठ गया। करीब आधे घंटे बाद रास्ते में उक्त लड़कों के ट्रेन से उतरने पर उसने अपना बैग संभाला तो उसमें ब्लैड से कट लगा हुआ था। जब उसने बैग पर लगाया हुआ ताला खोलकर देखा तो बैग से ढाई तौला सोना व 16 तौला चांदी के जेवरातों के अलावा करीब एक हजार रुपए की नकदी गायब थी। शाम करीब साढ़े चार बजे ट्रेन हनुमानगढ़ जंक्शन बस स्टैंड पहुंची तो उसने सुरेशिया व गांव जंडावाली में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को फोन कर इसकी जानकारी दी। शनिवार को महिला ने परिजनों के साथ जीआरपी थाना पहुंच इस संबंध में मुकदमा दर्ज करवाया। गौरतलब है कि ट्रेनों का संचालन शुरू होने के साथ ही यात्रियों के साथ इस तरह की वारदातें एकाएक बढ़ गई हैं। करीब एक पखवाड़े में ही 4-5 वारदातें ट्रेनों में यात्रियों के साथ हो चुकी हैं।