सीमा सन्देश. सूरतगढ़। घग्घर का पानी सूरतगढ़ पहुंच गया है। हालांकि पीछे हरियाणा में पानी लगभग शून्य होने के कारण पानी की रफ्तार धीमी पड़ गई है। इससे नाली बेल्ट के किसानों में निराशा देखने को मिल रही है।
इस बार मानसून कमजोर होने के कारण नाली बेल्ट के किसानों को घग्घर नदी में पानी आने से आस जागी, लेकिन घग्घर नदी में कम होने के कारण किसानों में भी मायूसी छा गई है। मंगलवार देर रात्रि घग्घर का पानी यहां चेतक चौक के पास स्थित घग्घर पुलिया को पार कर गया। घग्घर पानी देखने के लिए भी काफी लोग पुलिया पर पहुंचे। हनुमानगढ़ नियत्रंण कक्ष के सहायक अभियंता कंवरपाल ने बताया कि पीछे हरियाणा में पानी लगभग शून्य हो गया है। यह पानी एक ही दिन की बरसात का है। इधर भाजपा नेता मुरली पारीक ने बताया कि घग्घर नदी का पानी सरदारगढ़ फार्म के साथ ही सूरतगढ़ फार्म में भी नाली की धार में जगह जगह पक्की सीमेंट की ऊंची दीवारें बनाकर पानी को रोका जा रहा है, जिसके कारण पानी कम आ रहा है।