Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सेंट्रल वेयर हाउस के गोदाम ठेके पर देने के खिलाफ कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन

  • संयुक्त किसान मोर्चा नई दिल्ली के नेता अमराराम व पूर्व विधायक पेमाराम भी हुए शामिल
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला मुख्यालय पर स्थित सेंट्रल वेयर हाउस के गोदाम रिलायंस कंपनी को 15 साल के लिए ठेके पर देने के विरोध में भारतीय ट्रेड यूनियन केन्द्र (सीटू) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला कलक्ट्रेट के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी। इस दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने केन्द्र व राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा और कृषि कानूनों को रद्द करने के लिए किए गए लम्बे आन्दोलन की तरह गोदामों का ठेका निरस्त नहीं करने तक लड़ाई जारी रखने की चेतावनी दी। धरना-प्रदर्शन में संयुक्त किसान मोर्चा नई दिल्ली के नेता अमराराम व पूर्व विधायक पेमाराम भी शामिल हुए। जिला कलक्ट्रेट के समक्ष हुई सभा को संबोधित करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा दिल्ली के नेता व मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव, अखिल भारतीय किसान सभा के राष्टÑीय उपाध्यक्ष अमराराम ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार सेंट्रल वेयर हाउस के गोदाम अंबानी-अंडानी को दे रही है। इसके खिलाफ किसानों व मजदूरों की ओर से लगातार आन्दोलन किया जा रहा है। आज पूरे प्रदेश में सीटू व अन्य संगठन प्रदर्शन करने सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी गोदाम जनता की सेवा के लिए बनाए गए थे। सरकार आवश्यक वस्तुएं इन गोदामों में रखे। यहां से इन आवश्यक वस्तुओं को जनता तक पहुंचाए। लेकिन केन्द्र सरकार जनता को लूटने का काम कर रही है। इसके लिए पहले तीन कृषि काले कानून लाए गए। इसके खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी तब जाकर सरकार जागी और तीनों काले कानून वापस लेने पड़े। सेंट्रल वेयर हाउस के गोदाम भी निजी हाथों में सौंपने का विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक इन्हें वापस नहीं लिया जाता। उन्होंने कहा कि आज महंगाई इतनी हो गई है कि पिछले 30 सालों का रिकॉर्ड टूट गया है। गैस सिलेंडर जो 400 रुपए का मिलता था वह आज 950 रुपए में मिल रहा है। हर चीज के दाम आसमान छू रहे हैं। क्योंकि केन्द्र व राज्य में बैठी सरकारें लुटेरों के साथ हैं न कि आम जनता के साथ। संयुक्त किसान मोर्चा हनुमानगढ़ के नेता रामेश्वर वर्मा ने कहा कि सेंट्रल वेयर हाउस व स्टेट वेयर हाउस के जिन गोदामों में किसानों की फसल होनी चाहिए, उन गोदामों में अंबानी-अडानी की कंपनियों के उत्पाद होंगे। इसी निजीकरण के खिलाफ मोर्चा लड़ाई लड़ रहा है। इसके तहत संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले जंक्शन के रीको सेकंड फेस स्थित सेंट्रल वेयर हाउस के गोदाम के समक्ष दो माह से अधिक समय से बेमियादी पड़ाव चल रहा है। उनकी मांग है कि इन गोदामों में किसान की फसल रहनी चाहिए। इन गोदामों को निजी हाथों में नहीं सौंपा जाए। उन्होंने कहा कि जब तक रिलायंस कंपनी को 15 साल के लिए ठेके पर दिए गए सेंट्रल वेयर हाउस के गोदाम वापस नहीं लिए जाते तब तक मोर्चा की लड़ाई जारी रहेगी। इस मौके पर पूर्व विधायक पेमाराम, रघुवीर सिंह वर्मा, चन्द्रकला वर्मा, गुरपरविन्द्र सिंह मान, रेशमसिंह, छगन चौधरी, शेरसिंह, बीएस पेंटर, आत्मासिंह, शिवकुमार, बहादुर सिंह चौहान, रामचन्द्र, जसविन्द्र सिंह, महेन्द्र सिंह, राजकुमार, कृष्णलाल, मुखत्यार सिंह, बसन्त सिंह, गुरनायब सिंह, बबलू कुमार, गोपाल बिश्नोई, सुरेन्द्र शर्मा, सर्वजीत कौर, कमला मेघवाल, प्रियंका मंडल, संगीता देवी, पुष्पा शाक्य आदि मौजूद थे। जिला कलक्ट्रेट के गेट पर कानून व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *