Thursday, July 2निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सोने में गिरावट जारी:दिल्ली में दो दिन में 1,621 रुपए घटे सोने के दाम, 45,207 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आया

नई दिल्ली

त्योहारों के बीच सोने की कीमतों में भारी गिरावट आई है। दिल्ली के सराफा बाजार में शुक्रवार को 24 कैरेट सोना 1,130 रुपए सस्ता होकर 45,207 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। गुरुवार को भी दिल्ली में सोना 491 रुपए सस्ता हुआ था। इस तरह सिर्फ दो दिन में सोना 1,621 रुपए सस्ता हुआ है।

सोने को डॉलर मजबूत होने का खामियाजा उठाना पड़ रहा है। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी विश्लेषक तपन पटेल ने कहा, ‘अमेरिका में रिटेल बिक्री के जोरदार आंकड़े आने से डॉलर को सपोर्ट मिलने का असर सोने पर देखा जा रहा है।’ इससे पहले 05 अप्रैल को 24 कैरेट सोना 45,259 रुपए और 22 कैरेट सोना 41,457 रुपए था। इसके बाद 24 अगस्त को सोना 47,710 रुपए तक गया था।

जेवराती सोना 42,500 से नीचे
सोना केवल दिल्ली में सस्ता नहीं हुआ है, बल्कि पूरे देश के सराफा बाजारों में गिरावट का रुझान देखा जा रहा है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, शुक्रवार को 24 कैरेट सोने की कीमत 46,310 रुपए, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत 42,420 रुपए रह गई। आईबीजेए के हिसाब से बीते दो दिन में शुद्ध सोने की कीमत 945 रुपए और जेवराती सोने के दाम 866 रुपए घटे हैं।

सोने में गिरावट के चार बड़े कारण

  1. दुनियाभर के शेयर बाजारों में लगातार तेजी का रुझान रहने से निवेश के लिए सोने की मांग घटने लगी है।
  2. कोविड महामारी की तीसरी लहर की आशंका घटने से हेजिंग के लिए गोल्ड की डिमांड कमजोर हुई है।
  3. अमेरिकी अर्थव्यवस्था पटरी पर लौटने से डॉलर को सपोर्ट मिला और सोने पर दबाव बढ़ने लगा है।
  4. बड़े देशों के केंद्रीय बैंकों ने सोने की खरीद बंद कर दी, जिसके चलते आपूर्ति अचानक बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *