हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। वन रक्षक के साथ मारपीट कर सरकारी लकड़ी चोरी कर ले जाने के मामले में टाउन पुलिस ने शनिवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीलीबंगा पुलिस थाना क्षेत्र के गांव जाखड़ांवाली निवासी कमलेश, राजू, प्रेम व भादरराम के रूप में हुई। मामले की जांच कर रहे सीओ सिटी प्रशान्त कौशिक ने बताया कि 14 अगस्त 2020 को वन रक्षक जगदीश सिंह (37) पुत्र सन्तोखसिंह रायसिख निवासी वार्ड नम्बर 2, भूनावाली ढाणी ने टाउन पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि टाउन में रेलवे ओवरब्रिज के पास सन्दीप पोटलिया, कमलेश, भादरराम व चार-पांच अन्य जनों ने वन विभाग की ओर से जब्त की गई लकडिय़ों को छुड़वाते हुए राजकार्य में बाधा डालकर मारपीट की। अभद्र व्यवहार किया, गालियां निकाली व देसी किकर चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 323, 353, 354, 379, 143 व एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान कमलेश, राजू, प्रेम व भादरराम को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से अनुसंधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी सन्दीप पोटलिया निवासी जाखड़ांवाली एक अन्य मामले में टाउन पुलिस की गिरफ्त में है। उसे इस मामले में भी गिरफ्तार किया जाएगा।