नई दिल्ली
शिक्षक दिवस के बारे में तो आपको पता ही होगा। भारत में सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन के मौके पर 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। लेकिन कोई भी व्यक्ति गुरु या शिक्षक तब बनता है जब कोई उनका शिष्य बनता है। ऐसे में अगर शिक्षक दिवस जैसा दिन होता है तो छात्र दिवस भी मनाया जाना लाजमी है। आज अंतरराष्ट्रीय छात्र दिवस है। 17 नवंबर को हर साल विश्व अंतर्राष्ट्रीय छात्र दिवस के तौर पर मनाता है। कई देशों में इस दिन को छात्रों के साथ ही शिक्षक भी उत्साह से मनाते हैं। छात्र और शिक्षक के बीच का रिश्ता आदिकाल से ही माता-पिता के रिश्ते से भी बढ़कर माना जाता है। विश्वामित्र और द्रोणाचार्य जैसे गुरु हुए तो एकलव्य और अर्जुन जैसे छात्र भी हुए। लेकिन आज के जमाने में ऐसे गुरु छात्रों का मिलना मुश्किल होता है। एक आदर्श छात्र बनाने के लिए गुरु यानी शिक्षकों को ही प्रयास करना पड़ता है।