हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। कांग्रेस नेता हरदीप सिंह चहल ने हनुमानगढ़ की स्पिनिंग मिल के मजदूरों को समायोजित करने व स्पिनिंग मिल को शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम का ज्ञापन जयपुर सचिवालय में मुख्य सचिव निरंजन आर्य को सौंपा। इस दौरान चहल ने मुख्य सचिव को स्पिनिंग मिल के मजदूरों की सूची भी सौंपी। हरदीप सिंह चहल ने बताया कि स्पिनफेड में गुलाबपुरा, गंगापुर व हनुमानगढ़ की जनता की ओर से आंदोलन व संघर्ष करने के बाद पूर्ववर्ती वसुंधरा सरकार के साथ समझौते के तहत समायोजन का करार हुआ परन्तु आज भी मजदूर फिक्स वेतन 8000 रुपए पर दूर-दराज अभियोजन में काम कर रहे हैं। गुलाबपुरा व गंगापुर मिल श्रमिकों को नियमित कर समायोजित कर दिया गया परन्तु हनुमानगढ़ के 135 मजदूर अभी तक समायोजन से वंचित हैं। विडम्बना यह भी है कि अशोक गहलोत जैसे संवेदनशील मुख्यमंत्री होने के बावजूद लगभग ढाई वर्ष सरकार में अभी तक न तो मजदूरों का समायोजन हुआ ना ही स्पिनिंग मिल शरू होने में कोई सार्थक प्रयास हुआ। चहल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम सौंपे ज्ञापन में मांग की कि हनुमानगढ़ की जनता की भावनाओं के तहत इन दोनों मांग पर जल्द से जल्द संज्ञान में लेकर राहत देने का प्रयास करें। इससे हनुमानगढ़ कृषि प्रधान क्षेत्र के कारण स्पिनिंग मिल शुरू हाने से पूरे बीकानेर संभाग के लोगों को मदद मिलेगी।