हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन की धानमंडी स्थित किसान भवन में बनाई गई अस्थाई जेल से संतरी को धक्का देकर 1 अगस्त की रात्रि को फरार हुए चोरी और नकबजनी के शातिर अपराधी को जंक्शन पुलिस ने नोहर उप कारागृह से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी सुरेन्द्र उर्फ शैलेन्द्र उर्फ सैन्दिया (21) पुत्र रामेश्वर निवासी गांव कोहला पीएस हनुमानगढ़ टाउन हाल 9 चक एएम पीएस रावतसर को बुधवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा दिया। इस संबंध में दर्ज मामले की जांच कर रहे एएसआई दलीपसिंह ने बताया कि पीलीबंगा पुलिस ने 28 जुलाई को दुपहिया वाहन चोर गैंग का खुलासा करते हुए तीन जनों को गिरफ्तार किया था। साथ ही तीन बाल अपचारियों को भी निरुद्ध किया था। इनकी निशानदेही पर चोरीशुदा कुल 25 मोटर साइकिल बरामद की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में सुरेन्द्र उर्फ शैलेन्द्र उर्फ सैन्दिया भी शामिल था। न्यायालय ने सुरेन्द्र उर्फ शैलेन्द्र व दो अन्य आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए। इस पर पीलीबंगा पुलिस ने कोरोना सैम्पल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने तक सुरेन्द्र उर्फ शैलेन्द्र को हनुमानगढ़ जंक्शन की धानमंडी स्थित किसान भवन में बनाई गई अस्थाई जेल में पुलिस कर्मियों की निगरानी में रखा था। रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उसे जिला कारागृह में भिजवाया जाना था। 1 अगस्त की रात को दस्त का बहाना बनाकर आरोपी सुरेन्द्र उर्फ शैलेन्द्र वहां तैनात बुजुर्ग संतरी को धक्का देकर किसान भवन से भाग गया। आरोपी के खिलाफ एएसआई शीशराम की रिपोर्ट पर आईपीसी की धारा 224, 353 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी दौरान उसे रावतसर पुलिस ने चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। अब सुरेन्द्र उर्फ शैलेन्द्र को अस्थाई जेल से भागने के मामले में नोहर उप कारागृह से प्रोडक्शन वारंट पर हासिल किया गया है। पूछताछ में सुरेन्द्र उर्फ शैलेन्द्र ने बताया कि उसने दोपहर को जान-बूझकर बाथरूम में लगा नल खोल दिया था। इस कारण टंकी खाली हो गई। रात्रि को सुरेन्द्र उर्फ शैलेन्द्र ने शौच करने जाने का बहाना बनाया। लेकिन उसने संतरी को बताया कि नल में पानी नहीं आ रहा। इसके बाद संतरी जब सुरेन्द्र उर्फ शैलेन्द्र को कमरे में लेकर गया तो सुरेन्द्र उर्फ शैलेन्द्र उसे धक्का मारकर वहां से फरार हो गया। जांच अधिकारी दलीपसिंह ने बताया कि आरोपी सुरेन्द्र उर्फ शैलेन्द्र के खिलाफ चोरी के आरोप में करीब दस व हत्या प्रयास का एक मुकदमा दर्ज है। जिस समय सुरेन्द्र उर्फ शैलेन्द्र को रावतसर पुलिस ने पकड़ा उस समय वह पूर्व में चुराई गई बाइक पर अन्यत्र भागने की फिराक में था।