हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। नगर परिषद की ओर से शहर में करवाए जा रहे निर्माण कार्यांे में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने पर उसकी गुणवत्ता की जांचने के लिए सैम्पल लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल के निदेर्शानुसार परिषद अधिकारियों की ओर से बुधवार को जंक्शन में जिला कलक्ट्रेट के सरकारी आवास के सामने व जिला परिषद से राजीव गांधी स्टेडियम की तरफ निर्मित डामर सड़क की गुणवत्त जांचने के लिए सैम्पल लिए गए। इन सैम्पलों को प्रयोगशाला में जांच करवाने के लिए भेजा जाएगा। नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता प्रेम नायक ने बताया कि जिला कलक्ट्रेट के सरकारी आवास के सामने से राजीव गांधी स्टेडियम व जिला परिषद की तरफ हाल ही में नगर परिषद की ओर से करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से डामर सड़कों का निर्माण करवाया गया है। नगर परिषद सभापति के निर्देश हैं कि शहर में जहां भी निर्माण कार्य चल रहे हैं उनमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। निदेर्शों की पालना में बुधवार को इन डामर सड़कों की गुणवत्ता जांचने के लिए सैम्पल लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सड़क का निर्माण करने वाले ठेकेदार की तीन साल की दायित्व अवधि है। इस दौरान अगर सड़क में किसी प्रकार की कमी सामने आती है तो ठेकेदार की ओर से सड़क की मरम्मत करवाई जाएगी।