Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हड्डारोड़ी नवां बाइपास पर शिफ्ट करने का विरोध

  • गोसेवकों ने शुरू किया धरना
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    हड्डारोड़ी को जंक्शन में नवां बाइपास रोड पर शिफ्ट करने के विरोध में बुधवार को क्षेत्र के गोसेवकों ने धरना शुरू कर दिया। नवां बाइपास पर निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास लगाए गए धरने पर बैठे गोसेवकों ने मांग की कि हड्डारोड़ी को आबादी क्षेत्र से दूर स्थानांतरित किया जाए। क्योंकि आबादी क्षेत्र में हड्डारोड़ी होने से आसपास का क्षेत्र दुर्गंधमय होगा। आसपास के लोग प्रभावित होंगे। धरने पर बैठे गोसेवक संदीप सहारण ने बताया कि जंक्शन में नवां बाइपास रोड पर कचरा प्लांट पहले से लगा हुआ है। अब यहां हड्डारोड़ी भी शिफ्ट करने की बात चल रही है। इसका विरोध किया जा रहा है। क्योंकि जिस जगह हड्डारोड़ी शिफ्ट करने की बात चल रही है उसके पास ही मन्दिर है। करीब 300 मीटर की दूरी पर गोशाला है। 300 मीटर पर ही डिस्ट्रिक्ट पार्क है। 500 मीटर की दूरी पर राजकीय मेडिकल कॉलेज बन रहा है। बिल्कुल सामने 100 मीटर पर कैंसर हॉस्पिटल है। उसके पीछे हाऊसिंग बोर्ड का आबादी क्षेत्र है। इस कारण हड्डारोड़ी सबके लिए घातक है। यहां हड्डारोड़ी शिफ्ट करने से सबकुछ खत्म हो जाएगा। गोसेवकों ने सुझाव दिया कि आबादी क्षेत्र से कम से कम 10 किलोमीटर दूर जहां आसपास कोई गांव न हो, वहां हड्डारोड़ी शिफ्ट की जाए। पूर्व में हड्डारोड़ी को कोहला फार्म में शिफ्ट किया गया था। वहां चार-पांच किलोमीटर क्षेत्र तक आसपास कोई आबादी नहीं थी। साथ ही चेतावनी दी कि वे इस जगह हुए विकास कार्य को किसी भी सूरत में उजड़ने नहीं देंगे। भंवरसिंह राठौड़ ने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि हड्डारोड़ी को नवां बाइपास पर शिफ्ट किया जा रहा है। अगर ऐसा होता है तो यहां फेंके जाने वाले मृत पशुओं के कारण वातावरण दूषित होगा। आसपास के लोग दुर्गंध से परेशान होंगे। कुत्तों का भय रहेगा। इसलिए उनकी मांग है कि हड्डारोड़ी को कहीं अन्य जगह शिफ्ट किया जाए।