Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हनुमानगढ़ गंगमूल डेयरी ने बढ़ाई दूध की खरीद दरें, पशु आहार के रेट घटाए

हनुमानगढ़ गंगमूल डेयरी ने बढ़ाई दूध की खरीद दरें, पशु आहार के रेट घटाए
-डेयरी प्रबंधन के दोनों फैसले से दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को होगा लाभ
हनुमानगढ़.
श्रीगंगानगर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड हनुमानगढ़ (गंगमूल डेयरी) की ओर से दूध की खरीद दरों में दो रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। गंगमूल डेयरी के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह मोर ने बताया कि कोरोना काल में दुग्ध उत्पादकों को राहत देने के लिए गंगमूल डेयरी हनुमानगढ़ की ओर से उनसे क्रय किए जाने वाले दूध की खरीद दरों में एक जुलाई 2021 से दो रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी से श्रीगंगानगर एवं हनुमानगढ़ जिले के लगभग 20-25 हजार दुग्ध उत्पादकों को प्रति माह लगभग 70-75 लाख का अतिरिक्त भुगतान मिलेगा।
डेयरी अध्यक्ष मोर ने बताया कि दुग्ध उत्पादकों को उनके दूध की कीमत के अलावा संघ द्वारा मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक सम्बल योजना के तहत दो रुपए प्रति लीटर अनुदान राशि का भी भुगतान किया जा रहा है। गंगमूल डेयरी द्वारा दुग्ध उत्पादकों को सप्लाई किए जा रहे सरस पशु आहार की दरों में भी 23 जून 2021 से एक सौ रुपए प्रति क्ंिवटल की कमी की गई है। इससे संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को दोहरा लाभ मिलेगा। एक तो दूध की अधिक कीमत मिलेगी एवं दूसरा पशु आहार सस्ता मिलेगा। इससे इस कोरोना काल में चल रहे आर्थिक संकट में दुग्ध उत्पादकों को कुछ राहत मिलेगी। गंगमूल डेयरी के पूर्व अध्यक्ष जसवीर सिंह सहारण द्वारा भी दूध की क्रय दरो में बढ़ोतरी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस कोरोना काल में इस बढ़ोतरी से दुग्ध उत्पादकों को काफी सम्बल मिलेगा। डेयरी के प्रबंध संचालक पीके गोयल ने बताया कि गंगमूल डेयरी की ओर से हमेशा अपने दुग्ध उत्पादकों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय किए जाते हैं। गोयल ने बताया कि कोरोना काल में प्राइवेट डेयरियों द्वारा दूध की क्रय दरें काफी कम कर दी गई थी एवं कुछ प्राइवेट डेयरियों की ओर से दूध क्रय करना बंद कर दिया गया था। परंतु गंगमूल डेयरी द्वारा कोरोना काल में भी अपने दुग्ध उत्पादकों का दूध नियमित रूप से खरीदा है एवं एक भी दिन दूध क्रय बन्द नहीं किया गया है। प्राइवेट डेयरी दुग्ध उत्पादकों को उनके दूध का भुगतान मात्र ही करती है जबकि गंगमूल डेयरी द्वारा दूध की कीमत के अलावा सरस संतुलित पशु आहार, आपातकालीन पशु चिकित्सा सुविधा, प्राथमिक पशु चिकित्सा सुविधा, उन्नत किस्म के हरे चारे के बीज, दुग्ध उत्पादकों के परिवार के सदस्यों का बीमा इत्यादि की सुविधा भी प्रदान करती है। जो कोई भी प्राइवेट डेयरी नहीं देती है। गोयल ने दुग्ध उत्पादकों से अपील की है कि वह अधिक से अधिक दूध अपने गांव की दुग्ध समिति के माध्यम से गंगमूल को देकर बढ़ी हुई दरों के अतिरिक्त अन्य दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाएं। गौरतलब है कि डेयरी संचालन मंडल सदस्य शंकर कलवानियां ने १५ जून को डेयरी चैयरमेन को पत्र लिखकर दूध की क्रय दरों में बढ़ोतरी करने की मांग की थी। अन्य सदस्य भी खरीद दरें बढ़ाने को लेकर प्रयासरत थे। अब डेयरी चैयरमेन व एमडी ने संचालन मंडल सदस्यों की मांग को तवज्जो देते हुए दूध की क्रय दरों में एक जुलाई से बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *