Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हरियाणा में भी AAP की एंट्री से सतर्क हुई कांग्रेस, सोनिया और राहुल गांधी ने की नेताओं से मुलाकात

नई दिल्ली

पंजाब का किला फतह करने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) की नजरें अब हरियाणा पर टिक गई हैं। हरियाणा में आप की दस्तक से कांग्रेस की टेंशन बढ़ गई है। ऐसे में शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर हरियाणा के कांग्रेस नेताओं ने मीटिंग की। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल हुई। बताया जा रहा है कि 2024 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी को तैयार करने के उपायों पर चर्चा की गई।

बैठक में हरियाणा कांग्रेस प्रमुख कुमारी शैलजा, राज्य एआईसीसी प्रभारी विवेक बंसल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा, एआईसीसी महासचिव रणदीप सुरजेवाला, राज्य की पूर्व प्रमुख किरण चौधरी और पार्टी के वरिष्ठ विधायक शामिल हुए। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि यह बैठक उसी तरह की है जब इस सप्ताह की शुरुआत में सोनिया गांधी ने हिमाचल कांग्रेस के नेताओं के साथ अगले चुनाव जीतने के लिए आवश्यक मंत्रणा की थी।

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी 2019 के चुनाव परिदृश्य को दोहराना नहीं चाहती है जहां भूपिंदर सिंह हुड्डा को समग्र चुनाव प्रभार दिया गया था और शैलजा को चुनाव में जाने के लिए अंतिम समय में केवल दो महीने के लिए राज्य प्रमुख के रूप में लाया गया था। उस समय कांग्रेस कुछ सीटों से बीजेपी-जेजेपी गठबंधन से हार गई थी।