कश्मीर के आतंकियों के लिए जुटाता था फंड नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जॉइंट आपरेशन में गुरुवार को एक हवाला एजेंट को गिरफ्तार किया गया है। यह एजेंट लश्कर और अल बद्र जैसे आतंकी संगठनों को हवाला के जरिए रकम मुहैया करवाता था। मोहमद यासीन नाम के इस हवाला आॅपरेटर ने कश्मीर के एक आतंकी को 10 लाख रुपये ट्रांसफर भी किए थे। इस बात की जानकारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दी है। पुलिस के मुताबिक यासीन पेशे से कपड़ा कारोबारी है और मीना बाजार से कारोबार कर रहा है। वह हवाला धन के एक माध्यम के रूप में काम करता है। साथ ही विदेशों में स्थित स्रोतों से प्राप्त धन एकत्र करता है और आगे जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी गुर्गों को वितरित करता है। अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान, यासीन ने खुलासा किया कि हवाला का पैसा दक्षिण अफ्रीका के माध्यम से सूरत और मुंबई में भारत भेजा जा रहा था। यासीन इस हवाला श्रृंखला में दिल्ली लिंक था और दिल्ली से इस राशि को अलग-अलग कोरियर के माध्यम से जम्मू-कश्मीर में स्थानांतरित कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि यह राशि प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर और अल बद्र के गुर्गों को दी गई थी। पुलिस ने बताया कि हाल ही में उसे रुपये मिले हैं। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके घर से सात लाख रुपये बरामद किए हैं।